CM Mohan Yadav : शासन के प्रति और मजबूत होगा जनता का विश्वास,विभागीय समीक्षा, उद्योग संवाद में भी होंगे शामिल
CM Mohan Yadav : मध्य प्रदेश में सुशासन और जवाबदेह प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक नई पहल करने जा रहे हैं। 7 अगस्त को छिंदवाड़ा से मुख्यमंत्री के प्रथम जन-विश्वास दौरे की शुरुआत होगी। इस दौरान वे ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज चिन्हित शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनके निराकरण की समीक्षा करेंगे। सरकार का उद्देश्य है कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो तथा शासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत बने। इसके साथ ही वे विभागीय समीक्षा बैठक में विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति का आकलन करेंगे तथा उद्योग संवाद कार्यक्रम में उद्यमियों से चर्चा कर निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को गति देने पर मंथन करेंगे।
CM Mohan Yadav : जनसुनवाई, जवाबदेही और विकास को केंद्र में रखकर यह दौरा सरकार की जन-विश्वास बढ़ाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री की इस जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और नागरिकों के बीच विश्वास को सुदृढ़ करना, शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण को सुनिश्चित करना और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मानना है कि यह जन-विश्वास दौरा नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद एवं उत्तरदायी सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।।।

