Child Marriage : भर्रीटोला में तड़के संपन्न हुई शादी, सूचना मिलते ही पहुंचा प्रशासन
Child Marriage : बालोद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ‘बाल विवाह मुक्त’ घोषित होने के बावजूद नाबालिग उम्र में शादी कर दी गई। डौंडी ब्लॉक के ग्राम भर्रीटोला में 20 वर्ष 10 माह के युवक योगेंद्र धनकर ने बुधवार सुबह करीब 4 बजे राजनांदगांव जिले के ग्राम साल्हेटोला की युवती आशा धनकर के साथ हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह कर लिया।शादी के बाद जब बारात वापस गांव पहुंची, तब तक मामले की जानकारी प्रशासन तक पहुंच चुकी थी, जिससे हड़कंप मच गया।

Child Marriage : महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्रवाई, सहमति पत्र लेकर रोकी गई विदाई
मामले की जानकारी मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाया कि यह बाल विवाह की श्रेणी में आता है और कानूनन अपराध है। इसके बाद युवक के पिता से लिखित सहमति पत्र लिया गया, जिसमें यह तय किया गया कि युवक के वैधानिक उम्र पूरी होने तक युवती अपने मायके में ही रहेगी।
Child Marriage : राजनांदगांव प्रशासन से संपर्क, विवाह निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू
बालोद प्रशासन ने राजनांदगांव प्रशासन से संपर्क कर इस विवाह को शून्य घोषित कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं।
Child Marriage : ‘बाल विवाह मुक्त’ जिले के दावे पर उठे सवाल
गौरतलब है कि बालोद जिले को करीब चार महीने पहले ‘बाल विवाह मुक्त’ घोषित किया गया था। ऐसे में यह घटना प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े करती है। यह मामला न केवल सिस्टम की खामियों को उजागर करता है, बल्कि भविष्य में निगरानी और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत को भी रेखांकित करता है।
read more : IPL Betting : कवर्धा में ऑनलाइन IPL सट्टा रैकेट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल से मिले अहम सबूत

