Budget 2026 : 1 फरवरी 2026 को देश का आम बजट पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार सुबह 11 बजे बजट संसद में रखेंगी। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा और खास बात यह है कि साल 2017 के बाद पहली बार बजट रविवार को पेश किया जा रहा है। आम आदमी, टैक्सपेयर्स अधिकारी-कर्मचारी, निवेशक, मध्यम वर्ग किसान, व्यापारी की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। अगर इस बार बजट में कुछ बड़े फैसले होते हैं, तो लोगों की जेब को बड़ी राहत मिल सकती है। आइए जानते हैं वे 10 बड़ी उम्मीदें, जिन पर सबकी नजरें टिकी हैं।
Budget 2026 : क्या 15 लाख तक की आय टैक्स-फ्री होगी ?
इनकम टैक्स को लेकर हर बजट में सबसे ज्यादा चर्चा होती है। पिछले साल सरकार ने 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स-फ्री कर बड़ा सरप्राइज दिया था। इस बार कयास लगाए जा रहे हैं कि टैक्स-फ्री इनकम की सीमा बढ़ाकर 15 लाख रुपये तक की जा सकती है।
टैक्स विशेषज्ञों का मानना है कि 30% टैक्स स्लैब की सीमा भी बढ़ाई जा सकती है, जिससे ऊंची आय वाले करदाताओं को राहत मिल सकती है।

Budget 2026 : स्टैंडर्ड डिडक्शन बढ़ने की उम्मीद
नौकरीपेशा लोगों के लिए स्टैंडर्ड डिडक्शन बड़ी राहत होती है। अभी यह सीमा 75 हजार रुपये है। बजट 2026 में इसे बढ़ाकर 1 लाख रुपये किए जाने की संभावना जताई जा रही है, खासकर न्यू टैक्स रिजीम के तहत।
Budget 2026 : होम लोन ब्याज पर ज्यादा टैक्स छूट
घर खरीदने वालों के लिए एक और बड़ी उम्मीद है। फिलहाल होम लोन के ब्याज पर 2 लाख रुपये तक की टैक्स छूट मिलती है। रियल एस्टेट सेक्टर की मांग है कि इसे बढ़ाकर 4 से 5 लाख रुपये किया जाए, ताकि महंगे होते घरों के बीच खरीदारों को राहत मिल सके।

Budget 2026 : होम लोन के मूलधन पर अलग छूट
अभी होम लोन के मूलधन पर मिलने वाली टैक्स छूट सेक्शन 80C के अंदर ही आती है। विशेषज्ञ चाहते हैं कि इसे 80C से अलग किया जाए, ताकि घर खरीदने वालों को अतिरिक्त टैक्स लाभ मिल सके और हाउसिंग सेक्टर को बढ़ावा मिले।
Budget 2026 : LTCG छूट सीमा बढ़ सकती है
शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए भी बजट अहम है। फिलहाल लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन पर 1.25 लाख रुपये तक की कमाई टैक्स-फ्री है। माना जा रहा है कि इसे बढ़ाकर 2 लाख रुपये किया जा सकता है, जिससे निवेशकों को राहत मिलेगी।
Budget 2026 : सेक्शन 80C की सीमा बढ़ाने की मांग
पुरानी टैक्स व्यवस्था में सेक्शन 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक की छूट मिलती है, लेकिन बढ़ती महंगाई के बीच यह सीमा कम मानी जा रही है। टैक्स एक्सपर्ट्स सुझाव दे रहे हैं कि इसे बढ़ाकर 3 से 3.5 लाख रुपये किया जाए, जिससे बचत और निवेश दोनों को बढ़ावा मिले।
Budget 2026 : HRA नियमों में बदलाव संभव
किराए पर रहने वाले लोगों के लिए HRA यानी हाउस रेंट अलाउंस बड़ी राहत होती है। लेकिन मौजूदा नियम बढ़ते किराए के हिसाब से पर्याप्त नहीं हैं। अगर बजट 2026 में HRA की गणना और छूट के नियमों में बदलाव होता है, तो लाखों नौकरीपेशा लोगों को सीधा फायदा मिल सकता है।
Budget 2026 : पेट्रोल-डीजल पर टैक्स में राहत
महंगाई की सबसे बड़ी वजह ईंधन के दाम हैं। अगर Budget 2026 में सरकार पेट्रोल-डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में कटौती करती है, तो इसका सीधा असर ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर पड़ेगा। इससे न सिर्फ आम आदमी को राहत मिलेगी, बल्कि महंगाई पर भी काबू पाया जा सकेगा।
Budget 2026 : स्वास्थ्य और शिक्षा पर टैक्स छूट बढ़े
आज के समय में इलाज और बच्चों की पढ़ाई आम आदमी की सबसे बड़ी चिंता बन गई है। अगर सरकार हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम और शिक्षा खर्च पर मिलने वाली टैक्स छूट की सीमा बढ़ाती है, तो मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिल सकती है। खासकर प्राइवेट स्कूल फीस और मेडिकल खर्च को देखते हुए यह फैसला करोड़ों परिवारों के लिए फायदेमंद होगा। Budget 2026 आम आदमी के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है। अगर सरकार इन 10 मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाती है तो, अब सबकी नजर 1 फरवरी पर टिकी है।

