Report by: Sanjeev Kumar, Edit by: Priyanshi Soni
Bokaro Jewellery Robbery Case: बोकारो के सबसे पॉश इलाकों में गिने जाने वाले सिटी सेंटर सेक्टर-4 स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में रविवार को लूट का प्रयास किए जाने से हड़कंप मच गया। इस वारदात में कुल सात अपराधी शामिल थे, जिनमें से दो अपराधी वर्दी में शोरूम पहुंचकर लूट की घटना को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे।
घटना के बाद से बोकारो पुलिस अलर्ट मोड में है और अपराधियों के नेटवर्क को डिकोड करने में जुट गई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क बिहार तक फैला हुआ है। फिलहाल अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Bokaro Jewellery Robbery Case: एसपी का बयान: अपराधियों ने दिया ओपन चैलेंज
मामले को लेकर बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि अपराधियों की पूरी जानकारी पुलिस को मिल चुकी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से अपराधी योजनाबद्ध तरीके से बोकारो पहुंचे और लूट की कोशिश की, वह पुलिस के लिए भी एक गंभीर चुनौती है।
Bokaro Jewellery Robbery Case: पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी
एसपी ने कहा कि यह घटना बोकारो पुलिस के लिए एक तरह का “ओपन चैलेंज” है। उन्होंने आत्ममंथन करते हुए कहा कि इतने संसाधन और प्लानिंग के बावजूद यदि इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है और पुलिस इस दिशा में पूरी गंभीरता से काम कर रही है।

Bokaro Jewellery Robbery Case: ज्वेलरी शोरूम संचालकों के साथ होगी बैठक
एसपी हरविंदर सिंह ने यह भी बताया कि जल्द ही जिले के सभी ज्वेलरी शोरूम संचालकों के साथ बैठक की जाएगी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिस तरह पुलिस को ट्रेनिंग दी जाती है, उसी तरह अपराधी भी आधुनिक तरीकों से ट्रेनिंग लेते हैं, इसलिए सुरक्षा को लेकर और अधिक सतर्कता जरूरी है।
फिलहाल पुलिस की कई टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं और जल्द ही इस लूटकांड का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।
यह खबर भी पढ़ें: Iran Protest: ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन तेज, मृतकों की संख्या 646 के पार, संचार प्रतिबंध बना चुनौती





