Bhopal Food Safety : एमपी नगर में तीन प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
भोपाल के एमपी नगर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के पालन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन होटल एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई, कर्मचारियों के स्वास्थ्य, पेयजल और सैनिटरी-हाइजीनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण में अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां सामने आईं। विभाग की टीम ने कुल 4 खाद्य नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए और उन्हें नियमानुसार प्रयोगशाला भेजा गया है।
Bhopal Food Safety: ड्रैगन हाउस में सड़े मशरूम और एक्सपायर्ड मसाले मिले
एमपी नगर जोन-1 स्थित ड्रैगन हाउस, भविष्या होटल एंड क्लब प्राइवेट लिमिटेड के निरीक्षण के दौरान पांच पैकेट मशरूम सड़ी-गली और खराब स्थिति में पाए गए। इसके अलावा एक्सपायर्ड मसालों के पैकेट भी मिले, जिन पर चूहों द्वारा कुतरे जाने के निशान थे।
जांच टीम को किचन में चूहों की मौजूदगी के प्रमाण भी मिले। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के मैनेजर ने भी चूहों की समस्या से परेशान होने की बात बताई।
Bhopal Food Safety: शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों का नहीं था अलग भंडारण
ड्रैगन हाउस में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए अलग-अलग भंडारण व्यवस्था नहीं पाई गई। जांच में पांच फ्रीजर में खाद्य पदार्थों को एक साथ रखा जाना पाया गया। इसके साथ ही सैनिटरी और हाइजीन संबंधी आवश्यक शर्तों का भी पूर्ण पालन नहीं मिला।
विभाग ने यहां से Kingfisher Strong Premium Beer और Aroma Powder के दो खाद्य नमूने जांच के लिए लिए।
Bhopal Food Safety: गंभीर कमियों के बाद खाद्य पंजीयन निलंबित
खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण के दौरान मिली गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए ड्रैगन हाउस, भविष्या होटल एंड क्लब प्राइवेट लिमिटेड का खाद्य पंजीयन आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Bhopal Food Safety: इंडियन कॉफी हाउस में खुले डस्टबिन और सफाई व्यवस्था पर सवाल
एमपी नगर जोन-1 स्थित Indian Coffee House का भी निरीक्षण किया गया। यहां खुले डस्टबिन पाए गए और साफ-सफाई के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। पैक्ड पापड़ मिसब्रांडेड पाए गए। प्रतिष्ठान की ओर से बताया गया कि संबंधित पापड़ केरल से आए थे।
जांच में नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए अलग भंडारण और प्रोसेसिंग व्यवस्था भी नहीं पाई गई। नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए अलग बर्तन और फ्रीजर की व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई।
Bhopal Food Safety: काली पड़ी कड़ाहियों और ड्रेनेज व्यवस्था की भी जांच
इंडियन कॉफी हाउस में दो कड़ाहियां काफी काली पाई गईं और उनकी उचित सफाई नहीं की गई थी। इसके अलावा ड्रेनेज से पानी के संचालन की व्यवस्था भी उचित नहीं मिली।
विभाग ने प्रतिष्ठान से खुले तेल का एक खाद्य नमूना गुणवत्ता जांच के लिए लिया और उसे नियमानुसार प्रयोगशाला भेजा।
Bhopal Food Safety: राजहंस में खराब मशरूम मिला, कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड नहीं
एमपी नगर स्थित राजहंस प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान दो डस्टबिन खुले पाए गए। यहां एक पैकेट मशरूम भी खराब और सड़ा हुआ मिला। जांच के दौरान कुल 15 कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं पाया गया।
इसके अलावा पेयजल की Potability Report भी उपलब्ध नहीं थी। पनीर का भौतिक सत्यापन करते समय ₹250 प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता को लेकर शंका होने पर उसका एक नमूना जांच के लिए लिया गया।
Bhopal Food Safety: राजहंस में FSSAI लाइसेंस और सफाई व्यवस्था मिली ठीक
राजहंस में जांच के दौरान FSSAI लाइसेंस प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित पाया गया। कर्मचारियों को उचित वेशभूषा में पाया गया और प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था भी उचित मिली। हालांकि खाद्य पदार्थ और दस्तावेजों से जुड़ी कुछ कमियों के कारण नमूना जांच के लिए लिया गया।
Bhopal Food Safety: तीन प्रतिष्ठानों से कुल चार खाद्य नमूने लिए गए
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार जांच के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों से कुल चार नमूने लिए गए। इनमें ड्रैगन हाउस से दो, इंडियन कॉफी हाउस से एक और राजहंस से पनीर का एक नमूना शामिल है।
Bhopal Food Safety: जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की वैधानिक कार्रवाई
सभी खाद्य नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग के मुताबिक प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में सुरक्षित खाद्य पदार्थ, स्वच्छता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।


