Battery Theft Gang : जियो टावरों से लाखों की बैटरियां चोरी, जंगल में छिपाकर कबाड़ी को बेचते थे आरोपी
Battery Theft Gang : मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की बैटरियां, वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।जानकारी के अनुसार थाना मानपुर, खड़गांव, औंधी और कोहका क्षेत्रों में जियो मोबाइल टावरों से लगातार बैटरी चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन मामलों में दर्ज चार प्रकरणों में करीब 11 लाख 70 हजार रुपये की बैटरियां चोरी की गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे CCTV कैमरों और टावर लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण किया, जिसमें एक पिकअप वाहन संदिग्ध रूप से सामने आया। वाहन में लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने चालक माखन तुमरेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी देवराज बघेल, हेमंत सिन्हा और भूपेंद्र रंगारी के साथ मिलकर टावरों का लोकेशन लेकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
Battery Theft Gang : CCTV और तकनीकी जांच से खुलासा, 11 लाख से ज्यादा का सामान जब्त

आरोपी चोरी की गई बैटरियों को पहले जंगल में छिपाते थे और बाद में भानुप्रतापपुर के कबाड़ी वीरेंद्र नेताम को बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल से 93 बैटरियां बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से एक डिजायर कार, एक पिकअप वाहन, 30 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन समेत कुल 11 लाख 21 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
READ MORE : Solar Pump Scheme : किसानों को सस्ती बिजली और सोलर पम्प पर जोर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बड़ी पहल

