Baglamukhi Temple Donation Scam : 3 सदस्यीय जांच समिति, 7 दिन में रिपोर्ट देगी,कलेक्टर के निरीक्षण के बाद सामने आया मामला
Baglamukhi Temple Donation Scam : अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों के बाद अब मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर, नलखेड़ा में दान और चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। श्रद्धालुओं के नकद दान, सोने-चांदी के आभूषण और चढ़ावे के हिसाब-किताब में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। साथ ही सात दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।दरअसल आगर-मालवा कलेक्टर प्रीति यादव ने हाल ही में मां बगलामुखी मंदिर का औचक निरीक्षण किया था।निरीक्षण के दौरान दान और चढ़ावे में कथित हेराफेरी की शिकायतें सामने आईं।
Baglamukhi Temple Donation Scam : इसके बाद 7 जुलाई 2026 को तीन अधिकारियों की संयुक्त जांच समिति गठित कर पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए।शिकायत में बताया गया है कि मंदिर के संचालन के लिए अधिकृत सरकारी प्रबंधन समिति होने के बावजूद एक गैर-शासकीय और अपंजीकृत समिति समानांतर रूप से काम कर रही थी।आरोप है कि यही समिति श्रद्धालुओं से नकद दान, चढ़ावा और सोने-चांदी के आभूषण प्राप्त कर रही थी।आरोप है कि दान की राशि सरकारी खाते में जमा करने के बजाय निजी बैंक खातों में स्थानांतरित की जाती रही और उसका कोई पारदर्शी लेखा-जोखा नहीं रखा गया।अब इस मामले में कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है, जबकि धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।।

