BY: Yoganand Shrivastva
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में बारिश से बिगड़ने वाले हालात पर सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस बी.आर. गवई ने अहम टिप्पणी की है। उन्होंने कहा— “दिल्ली में अगर दो घंटे तक लगातार बारिश हो जाए, तो पूरा शहर लकवाग्रस्त हो जाता है।”
यह टिप्पणी उन्होंने केरल के त्रिशूर जिले में NH-544 पर बने एक टोल प्लाजा से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान की।
सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को हाईवे पर एक छोर से दूसरे छोर तक जाने में 12 घंटे का समय लग रहा है, तो फिर सवाल यह है कि ऐसी स्थिति में ड्राइवर टोल क्यों चुकाए?
मामला दरअसल केरल हाईकोर्ट के उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें हाईवे की खराब हालत को देखते हुए टोल वसूली पर रोक लगा दी गई थी। इस फैसले को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
क्या है पूरा विवाद?
- केरल हाईकोर्ट ने खराब सड़कों और लंबी ट्रैफिक जाम की समस्या पर गंभीर टिप्पणी करते हुए टोल वसूली को अस्थायी तौर पर रोक दिया था।
- NHAI ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
- अब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया है।





