,

ग्वालियर टोल प्लाजा पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का आतंक: सुपरवाइजर को पीटा, गोली चलाई, बैरियर तोड़कर फरार

BY: Yoganand Shrivastva

ग्वालियर, शहर के पास स्थित पनिहार टोल प्लाजा पर रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना हुई जिसमें स्कॉर्पियो सवार चार युवकों ने न केवल टोल देने से इनकार किया, बल्कि स्टाफ से मारपीट और फायरिंग तक कर डाली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और टोल स्टाफ पर राजीनामे का दबाव बनाए जाने की भी खबर है।

घटना की पूरी कहानी

रात करीब 12:15 बजे, सफेद रंग की स्कॉर्पियो (नं. MP07 CB-3384) शिवपुरी की ओर से टोल की लेन नंबर-10 पर पहुंची। कार में सवार चार युवकों के पास फास्टैग नहीं था, जिस पर टोल कर्मी मनीष कुमार ने उनसे टोल मांगा। इस पर युवक भड़क गए और मनीष के साथ गाली-गलौच करने लगे।

सुपरवाइजर के आने पर बढ़ा विवाद

स्थिति को बिगड़ता देख टोल सुपरवाइजर शालू गुर्जर (निवासी भंवरपुरा डाडा खिरक) मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित युवकों ने उन्हें भी गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर तीन युवक कार से उतरे और शालू व मनीष के साथ धक्का-मुक्की करने लगे।

मारपीट में शालू के हाथ, सिर और पैर में चोटें आईं, वहीं मनीष के चेहरे और सिर में अंदरूनी चोटें बताई गई हैं।

गोली चलाई लेकिन बचा सुपरवाइजर

झगड़े के दौरान टोल स्टाफ के अन्य कर्मचारी राघवेंद्र, बनवारी और गनमैन रामस्वरूप जाटव मौके पर पहुंचे। तभी स्कॉर्पियो में बैठा एक युवक कार से बंदूक निकाल लाया और शालू गुर्जर पर गोली चला दी। सौभाग्य से शालू पीछे हट गए और गोली उन्हें नहीं लगी।

इसके बाद हमलावर टोल बैरियर को तोड़ते हुए मौके से फरार हो गए।

दहशत और दबाव

हमले के बाद टोल प्लाजा के कर्मचारी भयभीत हैं। उन्हें आशंका है कि हमलावर दोबारा लौट सकते हैं। कर्मचारियों ने रात में ही पनिहार थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सुपरवाइजर शालू गुर्जर की शिकायत पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है।

CCTV फुटेज कब्जे में, गिरफ्तारी जल्द

घटना की पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है। पुलिस ने वीडियो फुटेज जब्त कर लिए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पीड़ित पर राजीनामे के लिए भी दबाव डाला जा रहा है, हालांकि शालू ने अब तक समझौता नहीं किया है।

पनिहार पुलिस ने बयान जारी कर कहा है:

“चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।”

CG: Top 10

CG: छत्तीसगढ़ की टॉप 10 खबरें 1. छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन…

MP: Top 10

MP: मध्य प्रदेश की टॉप 10 खबरें 1. इंदौर में 20 हजार…