,

MP मौसम अपडेट: अगले 4 दिनों तक बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी

MP Weather: Rain, Storms & Hail Alert for Next 4 Days

BY:VIJAY NANDAN

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में सक्रिय मौसम प्रणालियों के चलते अगले चार दिन तक रुक-रुक कर तेज़ बारिश, गरज-चमक और आंधी का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को लगभग 35 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

क्यों बदला मौसम का मिजाज?

राज्य में मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण हुआ है। वर्तमान में चार प्रमुख मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं:

  • पश्चिमी विक्षोभ: मध्य पाकिस्तान, पंजाब और राजस्थान के ऊपर सक्रिय।
  • ऊपरी हवा का चक्रवात: दक्षिणी उत्तर प्रदेश में।
  • द्रोणिका (ट्रफ लाइन): मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, कर्नाटक होते हुए तमिलनाडु तक।
  • ऊपरी हवा का चक्रवात: उत्तरी मराठवाड़ा में भी सक्रिय।

इन सभी के सम्मिलित प्रभाव से नमी लगातार पहुंच रही है, जिससे बारिश और आंधी का असर बढ़ गया है।

रविवार को बारिश का हाल

रविवार को 20 से अधिक जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इंदौर में सर्वाधिक 70 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भोपाल में लगभग 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और उज्जैन में भी हल्की बारिश हुई। खंडवा में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।


जिलेवार मौसम का अलर्ट:

5 मई (सोमवार)

  • ओलावृष्टि संभावित जिले: मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा।
  • तेज हवा (60 किमी/घंटा) वाले जिले: ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी।
  • आंधी-बारिश: भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, सागर, रीवा, सतना समेत कुल 35 से अधिक जिले।

6 मई (मंगलवार)

  • अधिकांश जिलों में तेज आंधी, बिजली कड़कने और बारिश की चेतावनी।
  • इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, शहडोल सहित लगभग पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना।

7 मई (बुधवार)

  • ग्वालियर, चंबल, महाकौशल, विंध्य और मालवा क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाएं।
  • खासकर छिंदवाड़ा, बालाघाट, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, शहडोल, रीवा, सीधी, सतना में प्रभाव ज़्यादा रहेगा।

8 मई (गुरुवार)

  • इंदौर, उज्जैन, रतलाम, बड़वानी, नर्मदापुरम, सीहोर, देवास, खरगोन सहित पश्चिमी मध्य प्रदेश के जिलों में गरज-चमक, तेज़ हवा और बारिश की संभावना।
  • साथ ही विंध्य क्षेत्र के रीवा, सीधी, मऊगंज, सिंगरौली में भी तेज़ बारिश और आंधी का अनुमान।

सलाह:

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम अलर्ट को गंभीरता से लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले में खड़े न हों। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसल की कटाई और भंडारण में सावधानी बरतें।