Nepal: नेपाल में अगस्त में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता 213 भारतीय नागरिकों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नेपाल सरकार ने इस दिशा में कदम उठाते हुए लापता नेपाली और विदेशी नागरिकों की सूची जारी की है। यह बाढ़ 26 अगस्त को त्रिशूली और भोटेकोशी नदी क्षेत्र में आई थी, जिसने नेपाल के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई थी। अब सूची को अंतिम रूप देने से पहले प्रभावित परिवारों को नाम और दर्ज जानकारी में सुधार कराने का अवसर दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) की ओर से जारी सूची में कुल 3,915 लोगों के नाम शामिल हैं। इनमें 3,292 नेपाली नागरिक और 623 विदेशी नागरिक हैं। विदेशी नागरिकों की सूची में सबसे अधिक 213 भारतीय शामिल हैं। नेपाल सरकार आपत्तियों और सुझावों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन लोगों की मृत्यु की औपचारिक घोषणा करेगी।
Nepal: लापता लोगों की सूची में 3,915 नाम शामिल
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने अगस्त में आई बाढ़ के बाद लापता हुए लोगों की सूची सार्वजनिक की है। इस सूची में नेपाल के नागरिकों के साथ 19 देशों के विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। प्राधिकरण के मुताबिक, कुल 3,915 लोग अब भी लापता दर्ज हैं।
इनमें 3,292 नेपाली नागरिक और 623 विदेशी नागरिक हैं। प्राधिकरण ने सूची में दर्ज नामों और अन्य जानकारियों की जांच के लिए लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। यदि किसी व्यक्ति का नाम गलत दर्ज हुआ है या किसी विवरण में संशोधन की जरूरत है, तो संबंधित परिवार और प्रतिनिधि इस संबंध में जानकारी दे सकते हैं।
Nepal: भारतीय दूतावास ने परिजनों से मांगी आपत्तियां
नेपाल में भारतीय दूतावास ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सूची में लापता दर्ज भारतीय नागरिकों के परिजन किसी भी तरह की आपत्ति या संशोधन के लिए दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 2 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
दूतावास के अनुसार, यदि परिवारों को सूची में दर्ज नाम, पहचान या अन्य विवरणों को लेकर कोई समस्या है, तो वे तय समयसीमा के भीतर अपनी बात रख सकते हैं। प्राप्त होने वाले सुझावों और संशोधनों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद नेपाल सरकार सूची को अंतिम रूप देगी और संबंधित लोगों को औपचारिक रूप से मृत घोषित करने की प्रक्रिया पूरी करेगी।
Nepal: औपचारिक घोषणा के बाद जारी होंगे मृत्यु प्रमाणपत्र
नेपाल सरकार की ओर से सूची को अंतिम रूप देकर लापता लोगों की मृत्यु की औपचारिक घोषणा किए जाने के बाद मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी। भारतीय दूतावास नेपाल के स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर इन प्रमाणपत्रों को प्राप्त करने की कार्रवाई करेगा।
दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस पूरी प्रक्रिया में लापता लोगों के परिजनों से अतिरिक्त जानकारी या जरूरी दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। ऐसे में परिवारों को संबंधित दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है, ताकि प्रमाणपत्र जारी कराने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
मृत्यु प्रमाणपत्र मिलने से प्रभावित परिवारों को आगे की कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने में मदद मिल सकेगी। हालांकि, इसके लिए पहले नेपाल सरकार की ओर से सूची को अंतिम मंजूरी दिया जाना जरूरी है।
Nepal: लापता विदेशी नागरिकों में सबसे ज्यादा भारतीय
एनडीआरआरएमए की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, बाढ़ के बाद लापता विदेशी नागरिकों में भारतीयों की संख्या सबसे अधिक है। सूची में भारत के 213 नागरिकों के नाम शामिल हैं। इसके बाद चीन के 85 और अमेरिका के 69 नागरिक लापता दर्ज किए गए हैं।
अन्य देशों के नागरिकों की संख्या भी इस सूची में शामिल है। यूक्रेन और मलेशिया के 54-54, ऑस्ट्रेलिया के 33, ब्रिटेन के 32 और कनाडा के 27 नागरिक लापता बताए गए हैं।
इसके अलावा रूस के 11, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के नौ-नौ, जर्मनी के आठ, दक्षिण अफ्रीका के छह और फ्रांस के चार नागरिकों का भी कोई पता नहीं चल पाया है। वहीं हंगरी, बेल्जियम और कजाकिस्तान के दो-दो तथा बेलारूस का एक नागरिक सूची में शामिल है।
प्रशासन ने अलग-अलग देशों के नागरिकों से जुड़ी पूछताछ और सूची में सुधार के लिए उनके परिवारों को संबंधित एजेंसियों या अपने देश के कांसुलेट कार्यालयों से संपर्क करने को कहा है।
Nepal: 26 अगस्त को नेपाल में आई थी विनाशकारी बाढ़
नेपाल में 26 अगस्त को आई अचानक बाढ़ ने उत्तरी और मध्य हिस्सों में बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी। यह आपदा नेपाल-तिब्बत सीमा के नजदीक स्थित हिमालयी क्षेत्र में हुई भारी बारिश और नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी के बाद सामने आई थी। त्रिशूली और भोटेकोशी नदी क्षेत्र में पानी का बहाव बेहद तेज हो गया था।
भोटेकोशी नदी का पानी पहाड़ी इलाकों से तेजी से नीचे की ओर बढ़ा और रास्ते में आने वाले कई निचले क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले लिया। बाढ़ का पानी इतना तेज था कि मकान, वाहन, सड़कें और पुल तक बह गए। कई स्थानों पर संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने से राहत और बचाव कार्यों में भी मुश्किलें आईं।
इस आपदा का असर केवल रिहायशी इलाकों तक सीमित नहीं रहा। बाढ़ के कारण जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा, जिससे नेपाल के बुनियादी ढांचे पर गंभीर असर पड़ा। इस त्रासदी में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और सैकड़ों लोग लापता हो गए। अब कई महीनों बाद लापता लोगों की सूची को अंतिम रूप देने और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।


