रिपोर्ट: इम्तियाज अंसारी
Deoghar Crime News : झारखंड के देवघर में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से रिवॉल्वर, पांच कारतूस, डेढ़ लाख रुपये नकद और करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पांच पुराने चोरी के मामलों का भी खुलासा करने का दावा किया है।
देवघर। झारखंड के देवघर में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार कथित अपराधी और चोरी के जेवर खरीदने वाले दो व्यवसायी शामिल हैं।

Deoghar Crime News : हथियारों के साथ बड़ी वारदात की तैयारी में था गिरोह
पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर के मुताबिक, 23 नवंबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि बेलाबगान रेलवे लाइन के समीप वन विभाग के आवासीय परिसर के पीछे कुछ लोग हथियारों के साथ मौजूद हैं। आशंका थी कि गिरोह के सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की और छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
Deoghar Crime News : रिवॉल्वर, कारतूस और डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद
पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक रिवॉल्वर, पांच जिंदा कारतूस, डेढ़ लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में चोरी की वारदातों में कथित रूप से शामिल चार आरोपी और चोरी के जेवर खरीदने वाले दो व्यवसायी हैं। पुलिस बरामद सामान के स्रोत और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।
Deoghar Crime News : नगर, रिखिया और कुंडा के पांच चोरी कांडों का खुलासा
देवघर पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर नगर, रिखिया और कुंडा थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के पांच पुराने मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संपर्कों और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी जानिए : Viral Video : रोबोटिक कड़ाही का कमाल, बिना हाथ लगाए खुद पक रही सब्जी; ये देख रसोइए हैरान-परेशान !


