,

Diwali Accident News: दिवाली की खुशियों पर हादसों का कहर: महज 12 घंटे में 36 लोगों की मौत, कहीं आग ने उजाड़े परिवार तो कहीं सड़क दुर्घटनाओं में गई जान

Diwali Accident News

BY: Yoganand Shrivastva

Diwali Accident News देशभर में दिवाली का पर्व रोशनी और उत्साह के साथ मनाया गया, लेकिन कई जगहों पर यह त्योहार दर्दनाक हादसों की वजह से मातम में बदल गया। अलग-अलग राज्यों में आग लगने और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं ने कई परिवारों को तबाह कर दिया। मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी में आग की दो बड़ी घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कार में आग लगने से छह लोगों की जान चली गई। दिल्ली से लेकर छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र तक हुए हादसों में करीब 12 घंटे के भीतर कुल 36 लोगों की मौत होने की खबर है।

कटनी और सिवनी में आग ने ली 12 लोगों की जान

Diwali Accident News मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दिवाली की रात एक तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में महज दो महीने का मासूम भी शामिल था। आग की भयावहता के कारण बचाव दल को लोगों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई।

दूसरी घटना सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड की है। यहां सोमवार तड़के करीब तीन बजे सर्राफा कारोबारी कुंदन सोनी के मकान में आग भड़क उठी। इस अग्निकांड में परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 75 वर्षीय कुंदन लाल सोनी, 65 वर्षीय राजकुमारी सोनी, 42 वर्षीय रितु सोनी, 40 वर्षीय स्मृति सोनी, 45 वर्षीय सूर्या सोनी और 16 वर्षीय आदित्य सोनी शामिल हैं। घटना के वक्त घर में 10 लोग मौजूद थे। इनमें से चार को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

मुजफ्फरनगर में कार में लगी आग, छह लोगों की दर्दनाक मौत

Diwali Accident News उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा हाईवे पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे भीषण दुर्घटना हुई। शामली से मुजफ्फरनगर जा रही एक कार तितावी थाना क्षेत्र में डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों से घिर गया। कार में सवार छह लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उनकी जिंदा जलने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी मृतक हरियाणा के निवासी थे।

दिल्ली के नरेला में भी दिवाली की आतिशबाजी एक बच्चे के लिए जानलेवा साबित हुई। परिवार के साथ पटाखे जला रहे 10 वर्षीय बच्चे के हाथ में मौजूद अनार अचानक फट गया। पटाखे की चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लखनऊ से महाराष्ट्र तक हादसों में कई परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

Diwali Accident News उत्तर प्रदेश के लखनऊ में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलट गई। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे और वह राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया।

चित्रकूट में दिवाली मेले से लौट रहे लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की जान चली गई और 12 लोग घायल हो गए। बताया गया कि ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक खुलने के कारण ट्रॉली खाई में जा गिरी। उसमें सवार लोग नीचे दब गए।

छत्तीसगढ़ के अभनपुर में राजिम के टीला एनीकट के पास एक कार नदी में गिर गई। हादसे में शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास और 21 वर्षीय बेटी पुरवा की मौत हो गई। चारों एक ही परिवार के सदस्य थे और दिवाली मनाने के लिए रायपुर से घर लौट रहे थे।

वहीं, महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। दिवाली के दौरान हुई इन घटनाओं ने देशभर में शोक का माहौल पैदा कर दिया और त्योहारों के समय आग तथा सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

Read this: Chanakya Niti for Diwali 2026 : चाणक्य के ये 5 मंत्र बदल सकते हैं आपकी जिंदगी, जानें धन, सुख और समृद्धि का असली रहस्य

CG: Top 10

CG: छत्तीसगढ़ की टॉप 10 खबरें 1. दिवाली के लिए रायपुर में…

MP: Top 10

MP: मध्य प्रदेश की टॉप 10 खबरें 1. इंदौर में युवक ने…