Jamtara Janata Darbar : बुजुर्ग की फरियाद से सोशल मीडिया उत्पीड़न तक, डीसी ने लिया संज्ञान
Jamtara Janata Darbar : जामताड़ा में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में जिलेभर से करीब 40 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। जनता दरबार में बिजली बिल, स्मार्ट मीटर, जमीन विवाद, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका चयन, स्कूलों में पढ़ाई, मध्याह्न भोजन योजना, आवास, सरकारी जमीन पर कब्जा, रास्ता बंद करने और मानदेय भुगतान समेत कई मुद्दे सामने आए।

Jamtara Janata Darbar : बेटे से प्रताड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई
जनता दरबार में एक बुजुर्ग पिता ने अपने बेटे पर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। बुजुर्ग ने उपायुक्त से अपने अधिकारों की रक्षा और उचित कार्रवाई की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसी आलोक कुमार ने मौके से ही अनुमंडल पदाधिकारी से फोन पर बात की। उन्होंने सीनियर सिटीजन एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग को उनका अधिकार दिलाने का निर्देश दिया।

Jamtara Janata Darbar : सोशल मीडिया पर युवती को परेशान करने का मामला
एक युवती ने जनता दरबार में शिकायत की कि उसकी शादी तय हो चुकी है, लेकिन दो युवक सोशल मीडिया के माध्यम से उसके और उसके परिवार के बारे में गलत जानकारी प्रसारित कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। शिकायत पर उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित युवकों की पहचान कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

Jamtara Janata Darbar : दिव्यांग बच्चे के प्रमाण पत्र की समस्या का समाधान
जन्म से हाथ में विकृति वाले एक बच्चे का दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की मांग लेकर दंपत्ति जनता दरबार पहुंचे। मामले पर डीसी ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने बताया कि प्रत्येक माह की 12 तारीख को सदर अस्पताल में दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए कैंप आयोजित किया जाता है। पात्र लोग प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से स्वावलंबन पोर्टल पर आवेदन कर निर्धारित तारीख को कैंप में प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं।

Jamtara Janata Darbar : बिजली बिल और स्मार्ट मीटर की शिकायतों पर जांच
जनता दरबार में बिजली बिल में गड़बड़ी, स्मार्ट मीटर और कंज्यूमर नंबर जनरेट नहीं होने से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं। एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कर्मचारी ने ऑफलाइन बिल जमा करने के नाम पर राशि ली, लेकिन उसे रसीद नहीं दी गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि भुगतान के बावजूद बिल की राशि में कोई कमी नहीं हुई। डीसी ने मामले की सत्यता की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
Jamtara Janata Darbar : खिलाड़ियों ने मांगी सुविधाएं, डीसी ने दिया भरोसा
करमाटांड़ क्षेत्र से पहुंचे खिलाड़ियों ने खेल मैदान में बिजली, पेयजल और ओपन जिम समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। उपायुक्त ने खिलाड़ियों की मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित भी किया।

Jamtara Janata Darbar : आंगनवाड़ी चयन और एमडीएम में अनियमितता की जांच
जनता दरबार में आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका चयन से संबंधित कई शिकायतें भी सामने आईं। पहाड़िया बहुल गांव में चयन प्रक्रिया को लेकर मिली शिकायत पर डीसी ने जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में नियमानुसार आबादी की बहुलता को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं स्कूल में बच्चों की पढ़ाई में शिक्षक की लापरवाही और मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितता की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

Jamtara Janata Darbar : पशुपालक की शिकायत पर दो दिन में आदेश का निर्देश
एसडीओ कोर्ट में लंबित एनिमल क्रुएल्टी एक्ट से जुड़े मामले में एक पशुपालक ने अपने पशु को रिलीज कराने की गुहार लगाई। उपायुक्त ने मामले की जानकारी एसडीओ से ली और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद दो दिनों के भीतर आदेश पारित कर पशु को रिलीज करने का निर्देश दिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, आवास, अवैध कब्जा, मनरेगा मजदूरी भुगतान, सरकारी जमीन पर बाउंड्री निर्माण, कलवर्ट जाम होने से जलजमाव और सहिया एवं स्वास्थ्य कर्मियों के लंबित मानदेय समेत कई मामलों पर भी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
Jamtara Janata Darbar : डीसी ने कहा- जनता को कार्यालयों के चक्कर न लगवाएं
जनता दरबार के अंत में उपायुक्त आलोक कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने छोटे-बड़े काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, यह अधिकारियों की जिम्मेदारी है। डीसी ने अधिकारियों से कहा कि नियमानुसार जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव है, उनका बिना अनावश्यक देरी के समाधान किया जाए। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था में संवेदनशीलता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
Read more : Sonipat Balochistan Protest : वकीलों ने लगाए ‘बलूचिस्तान जिंदाबाद’ के नारे, बड़ी रैली का ऐलान

