Water Conservation Campaign : ‘जल ही जीवन है’ अभियान को राज्यभर में चलाने का दिया प्रस्ताव
Water Conservation Campaign : मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जल संरक्षण और जन-जागरूकता को लेकर वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक एवं देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद के सदस्य डॉ. ए.के. द्विवेदी द्वारा दिए गए सुझावों की सराहना की है। मंत्री ने कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के भविष्य, प्रदेश और देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Water Conservation Campaign : शिक्षण संस्थानों में जल संरक्षण अभियान चलाने का सुझाव
डॉ. ए.के. द्विवेदी ने मंत्री सिलावट से मुलाकात कर प्रदेश के सभी शासकीय और निजी स्कूलों, कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में प्रतिवर्ष “जल ही जीवन है” विषय पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का प्रस्ताव सौंपा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय के CPGRAMS पोर्टल के माध्यम से भी सुझाव भेजे गए थे, जिस पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
Water Conservation Campaign : प्रमुख सचिव को भेजी जाएगी सकारात्मक अनुशंसा
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रस्ताव को सकारात्मक रूप से लेते हुए जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव को आवश्यक अनुशंसा शीघ्र भेजी जाए, ताकि इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Water Conservation Campaign : हर शिक्षण संस्थान बने ‘वॉटर कंजर्वेशन कैंपस’
डॉ. द्विवेदी ने अपने प्रस्ताव में प्रत्येक शिक्षण संस्थान को “वॉटर कंजर्वेशन कैंपस” के रूप में विकसित करने की बात कही। उन्होंने वर्षा जल संचयन, भू-जल संवर्धन, विद्यार्थियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाने तथा निबंध, भाषण, वाद-विवाद, पोस्टर, चित्रकला, स्लोगन प्रतियोगिता और जन-जागरूकता रैलियों के आयोजन का सुझाव दिया।
Water Conservation Campaign : युवाओं में जल संरक्षण के संस्कार विकसित करने पर जोर
डॉ. द्विवेदी का कहना है कि यदि बचपन से ही विद्यार्थियों में जल संरक्षण की आदत विकसित की जाए तो भविष्य में जल संकट से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से मध्यप्रदेश जल संरक्षण के क्षेत्र में देश के लिए एक आदर्श मॉडल बन सकता है।

