NEET Re-Exam Bihar : मुख्यमंत्री की समीक्षा के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय
NEET Re-Exam Bihar : 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार-मुक्त बनाने के लिए बिहार सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री की ओर से पहले ही इस विषय पर विस्तृत समीक्षा की जा चुकी है और राज्य सरकार परीक्षा को किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से मुक्त रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

NEET Re-Exam Bihar : वायु सेना के विमान से पहुंचेंगे प्रश्नपत्र
परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। डाक विभाग के समन्वय से भारतीय वायु सेना के विशेष विमानों द्वारा प्रश्नपत्रों को सीधे राज्य स्तरीय हब तक पहुंचाया जाएगा।इस नई व्यवस्था से प्रश्नपत्रों की ढुलाई में लगने वाला समय घटकर मात्र 2 से 3 घंटे रह जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
NEET Re-Exam Bihar : 34 जिलों में बनाए गए 331 परीक्षा केंद्र
राज्य के 34 जिलों के 35 शहरों में कुल 331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 1,56,061 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं हैं।पटना में सबसे अधिक 95 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, सीवान, मोतिहारी, भागलपुर, पूर्णिया, बेतिया और समस्तीपुर सहित कई जिलों में व्यापक व्यवस्था की गई है।

NEET Re-Exam Bihar : सोशल मीडिया पर रहेगी 24 घंटे निगरानी
पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। यदि कोई व्यक्ति पेपर लीक का झूठा दावा करता है, फर्जी प्रश्नपत्र वायरल करता है या अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाहों का तुरंत खंडन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर प्रिवेंटिव अरेस्ट भी किया जा सकता है।
NEET Re-Exam Bihar : कोचिंग संस्थानों पर विशेष नजर
राज्य के सभी कोचिंग संस्थानों की निगरानी की जाएगी। जिन संस्थानों का नाम पहले किसी संदिग्ध गतिविधि में सामने आया है, उन पर विशेष नजर रखी जाएगी। आईबी और एलआईयू के इनपुट के आधार पर संवेदनशील संस्थानों की लगातार मॉनिटरिंग होगी।

NEET Re-Exam Bihar : हर केंद्र पर तैनात होंगे मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट और एक पुलिस टीम लीडर की तैनाती अनिवार्य होगी।अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार 3 से 14 पुलिसकर्मी या होमगार्ड फ्रिस्किंग ड्यूटी में लगाए जाएंगे। महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा की जाएगी।
NEET Re-Exam Bihar : 20 जून को होगी अनिवार्य मॉक ड्रिल
परीक्षा से जुड़े किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का स्थानांतरण 22 जून से पहले प्रभावी नहीं होगा। इसके अलावा 20 जून को सभी कर्मियों के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसमें उपस्थिति अनिवार्य होगी।
NEET Re-Exam Bihar : परीक्षार्थियों को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा सुविधा
बिहार सरकार ने परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को विशेष राहत देते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है।इससे दूर-दराज के जिलों से आने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।
NEET Re-Exam Bihar : रेलवे स्टेशनों और केंद्रों पर विशेष व्यवस्था
रेलवे पुलिस को स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के बैठने के लिए छायादार स्थानों की व्यवस्था की जाएगी।गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, सत्तू, ओआरएस पैकेट और मेडिकल मोबाइल यूनिट भी उपलब्ध रहेगी।
NEET Re-Exam Bihar : योग दिवस और परीक्षा के लिए अलग-अलग टीमें
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी आयोजित होना है। इसे देखते हुए मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि योग दिवस और नीट परीक्षा के लिए अलग-अलग प्रशासनिक और पुलिस टीमें कार्य करेंगी।उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में योग दिवस के आयोजन से परीक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। यदि किसी प्रकार का टकराव उत्पन्न होता है तो परीक्षा की सुरक्षा और संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
NEET Re-Exam Bihar : प्रतिदिन होगी तैयारियों की समीक्षा
राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा तैयारियों की प्रतिदिन समीक्षा करें और किसी भी कमी को तत्काल दूर करें।सरकार का उद्देश्य है कि NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो तथा परीक्षार्थियों का भरोसा बना रहे।
read more : (1) PM Modi 12 Years : पीएम मोदी के कार्यकाल को 12 वर्ष पूर्ण, सीएम डॉ. यादव बोले- लोगों के जीवन में नया सवेरा लाए प्रधानमंत्री

