Isa Ahmad
Darima Liquor Shop Protest: जनदर्शन में पहुंचीं महिलाएं और ग्रामीण, शराब दुकान बंद करने की उठाई मांग
Darima Liquor Shop Protest: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के दरिमा क्षेत्र में संचालित अंग्रेजी शराब दुकान के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं जनदर्शन में पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव में संचालित शराब दुकान को तत्काल बंद करने की मांग की। महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं।
ज्ञापन सौंपने के बाद मामला उस समय गरमा गया जब महिलाओं ने कलेक्टर पर शराब दुकान और महतारी वंदन योजना को जोड़कर बात करने का आरोप लगाया। विरोध के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी हुई और महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
Darima Liquor Shop Protest: महतारी वंदन योजना से तुलना पर भड़की महिलाएं, प्रशासन पर उठे सवाल
महिलाओं के अनुसार, कलेक्टर अजीत बसंत से मुलाकात के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। महिलाओं ने बताया कि जब उन्होंने योजना का लाभ मिलने की बात कही, तब कलेक्टर ने कहा कि जिस प्रकार महतारी वंदन योजना सरकार की योजना है, उसी तरह शराब दुकान भी सरकार की नीति के तहत संचालित होती है।
इसी बात पर महिलाएं नाराज हो गईं और उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना और शराब दुकान का कोई संबंध नहीं है। महिलाओं ने साफ कहा कि उन्हें योजना नहीं, बल्कि गांव में शांति और शराब दुकान बंद चाहिए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन की कार्यशैली और शराब नीति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल क्षेत्र में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।





