Jewellery Embezzlement : रायपुर के सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कंपनी ज्वैलर्स में करोड़ों रुपये के सोने के गबन का मामला सामने आया है। ज्वैलरी कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

Jewellery Embezzlement : 16 साल पुराने कर्मचारी पर गबन का आरोप
जानकारी के अनुसार, कारोबारी सुरेश भंसाली सदर बाजार में मनोहरमल एंड कंपनी नाम से सोने-चांदी का कारोबार करते हैं। दुकान में पिछले 16 साल से काम कर रहे कर्मचारी सूरज साहू पर करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के सोने के जेवर गायब करने का आरोप लगा है।बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद करते समय आरोपी कर्मचारी ने जेवरों को लॉकर में रखने के बजाय अपने पास ही रख लिया।
Jewellery Embezzlement : स्टॉक मिलान में खुला मामला
13 अप्रैल को जब दुकान का स्टॉक मिलान किया गया तो बड़ी मात्रा में सोने के जेवर कम पाए गए। जांच के दौरान कुल 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना गायब मिला। इसके बाद कारोबारी ने सभी कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
Jewellery Embezzlement : CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में कर्मचारी सूरज साहू की संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस को शिकायत दी गई।
Jewellery Embezzlement : पुलिस ने दर्ज किया केस
थाना कोतवाली पुलिस ने कारोबारी की शिकायत के आधार पर आरोपी कर्मचारी सूरज साहू के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।इस मामले में एडीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Jewellery Embezzlement : बढ़ी कारोबारियों की चिंता
इस घटना के बाद रायपुर के व्यापारियों और ज्वैलर्स में चिंता का माहौल है। लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारियों पर भी अब कारोबारी सतर्क नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दुकानदारों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित स्टॉक जांच करने की सलाह दी है।
read more : MP Cabinet Decision : आया तबादलों का मौसम, 1 से 15 जून तक होंगे ट्रांसफर पोस्टिंग

