Nawada : नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत मिसिरचक गाँव में दबंगों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना मंगलवार (3 मार्च) दोपहर करीब 2 बजे की है, जहाँ आधा दर्जन लोगों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और परिवार के सदस्यों के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट की।

Nawada : क्या है पूरा मामला?
पीड़िता जयंती देवी (पति प्रमोद राजवंशी) द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, गाँव के ही रहने वाले अर्जुन यादव, रविन्द्र यादव, उपेन्द्र यादव (तीनों पिता स्व. राम लखन यादव), अभिमन्यु यादव, मुकेश कुमार (दोनों पिता अर्जुन यादव) और राजकुमार (पिता सुनील यादव) ने अचानक उनके घर पर धावा बोल दिया।
Nawada : लाठी-डंडे और रॉड से हमला
आरोप है कि इन लोगों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जयंती देवी के पति प्रमोद राजवंशी को लाठी और लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। जब जयंती देवी अपने पति को बचाने गईं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बदसलूकी की। हमलावरों ने जयंती देवी के गले से मंगलसूत्र और 10,000 रुपये नकद छीन लिए। दबंगों का कहर यहीं नहीं रुका, उन्होंने घर के भीतर घुसकर चूल्हा-चौकी और अन्य घरेलू सामान भी तोड़ डाले।
Nawada : गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
बीच-बचाव करने आए जयंती देवी के ससुर को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उन पर लाठी से वार किया। इस हमले में प्रमोद राजवंशी का सिर रॉड लगने से फट गया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। बताया जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट आने के कारण उन्हें बार-बार बेहोशी और उल्टियाँ हो रही हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए नरहट सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Nawada : पुलिस से न्याय की गुहार
पीड़िता ने नरहट थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर सभी छह आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
read more : Indore: होली के जश्न के बीच नियमों की उड़ाने वाली ‘नेउरा फार्म हाउस’ पार्टी पर आबकारी का छापा

