Reporter : रतन कुमार
Jamtara MC Election 2026: जामताड़ा : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत मतों की गणना 27 फरवरी को प्रातः 08:00 बजे से न्यू पॉलीटेक्निक कॉलेज पाथरचपड़ा स्थित वज्रगृह सह मतगणना केंद्र में की जाएगी। इसे लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने गुरुवार को वरीय अधिकारियों के साथ मतगणना स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मिहिजाम नगर परिषद एवं जामताड़ा नगर पंचायत के लिए बनाए गए मतगणना कक्ष, टेबल, कुर्सी, पंखा, प्रकाश व्यवस्था, कंप्यूटर-प्रिंटर, इंटरनेट कनेक्शन, सीसीटीवी निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को अविलंब दुरुस्त करने और तकनीकी उपकरणों के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Jamtara MC Election 2026 : मिहिजाम नगर परिषद के लिए 20 और जामताड़ा नगर पंचायत के लिए 14 टेबल की व्यवस्था, सुरक्षा व मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
प्रशासन की ओर से मिहिजाम नगर परिषद के 39 मतदान केंद्रों के लिए 20 टेबल तथा जामताड़ा नगर पंचायत के 28 मतदान केंद्रों के लिए 14 टेबल बनाए गए हैं। मतगणना कर्मियों का रेंडमाइजेशन 27 फरवरी को सुबह 05:00 बजे एनआईसी जामताड़ा में किया जाएगा।
इस दौरान मीडिया सेंटर, मेडिकल टीम, पार्किंग एवं अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

