U19 Asia Cup 2025 के फाइनल में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच सियासी तनाव की झलक देखने को मिली। भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के साथ मंच साझा करने से इनकार कर दिया और उनके हाथों से रनर-अप मेडल नहीं लिए।
फाइनल में पाकिस्तान की जीत, भारत उपविजेता
रविवार 21 दिसंबर को दुबई में खेले गए अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 347 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और उसे उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।

मंच पर जाने से इनकार, अलग जगह लिए मेडल
फाइनल के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में मोहसिन नकवी ट्रॉफी और मेडल के साथ मंच पर मौजूद थे। भारतीय खिलाड़ियों को रनर-अप मेडल दिए जाने थे, लेकिन टीम इंडिया मंच पर नहीं गई। भारतीय खिलाड़ियों ने मंच के पास ही खड़े होकर ICC के एक अधिकारी से अपने मेडल लिए और नकवी के साथ मंच साझा नहीं किया।
सीनियर एशिया कप से चला आ रहा विवाद
इससे पहले सीनियर मेंस एशिया कप 2025 के फाइनल में भी टीम इंडिया ने खिताब जीतने के बावजूद मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। उस दौरान भी यह मामला काफी चर्चा में रहा था।

राजनीतिक बयानों से जुड़ा है मामला
मोहसिन नकवी न केवल PCB और ACC के अध्यक्ष हैं, बल्कि पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं। भारत-पाकिस्तान सैन्य तनाव और एशिया कप के दौरान उनके भड़काऊ बयानों को लेकर भारतीय टीम ने विरोध स्वरूप उनसे ट्रॉफी और मेडल लेने से दूरी बनाए रखी है।
यह खबर भी पढ़ें: IND vs PAK: पाकिस्तान दूसरी बार U-19 एशिया कप का चैंपियन: भारत को 191 रन से हराया
रुख में कोई बदलाव नहीं
अंडर-19 एशिया कप में भी टीम इंडिया ने अपने पुराने रुख को बरकरार रखा। भले ही इस बार भारत को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन PCB चीफ के साथ मंच साझा न करने का फैसला साफ तौर पर दोहराया गया।

