Mohit Jain
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) की ऑनलाइन टिकट बुकिंग वेबसाइट शुक्रवार सुबह फिर से ठप हो गई। इस बार दिक्कत तब आई जब धनतेरस के दिन की तत्काल बुकिंग शुरू होने वाली थी। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि वेबसाइट के साथ मोबाइल ऐप भी नहीं खुल रहा था।
तकनीकी खराबी से ठप हुई सेवाएं
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, वेबसाइट के सर्वर में तकनीकी खराबी आने की वजह से बुकिंग और कैंसिलेशन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। आईआरसीटीसी ने कहा है कि समस्या को दूर करने के लिए विशेषज्ञों की टीम लगातार काम कर रही है।

पहली बार नहीं, दिसंबर 2024 में भी तीन बार हुई थी दिक्कत
यह पहली बार नहीं है जब आईआरसीटीसी की साइट डाउन हुई है। दिसंबर 2024 में भी तीन बार ऐसी तकनीकी दिक्कत सामने आई थी। अब फिर से त्योहारों के सीजन में साइट ठप होने से यात्रियों में गुस्सा और निराशा दोनों है।
डाउनटाइम मैसेज से बढ़ी परेशानी
जब यात्री साइट पर लॉग इन करने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें एक डाउनटाइम मैसेज दिखाई देता है
अगले एक घंटे तक बुकिंग और कैंसिलेशन सेवा उपलब्ध नहीं है। असुविधा के लिए खेद है। सहायता के लिए 14646 या etickets@irctc.co.in पर संपर्क करें।

रोजाना 12.5 लाख टिकटों की होती है बुकिंग
आईआरसीटीसी देश में रेलवे टिकट बुकिंग की एकमात्र आधिकारिक वेबसाइट है। यहां रोजाना लगभग 12.5 लाख टिकटें बुक की जाती हैं। रेलवे के कुल टिकटों में से करीब 84% टिकट IRCTC वेबसाइट और ऐप के जरिए बुक होते हैं। ऐसे में वेबसाइट का ठप होना लाखों यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
यात्रियों में नाराजगी, सोशल मीडिया पर उठे सवाल
धनतेरस जैसे व्यस्त मौके पर साइट बंद होने से यात्रियों ने सोशल मीडिया पर रेलवे की तकनीकी तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। कई लोगों ने आईआरसीटीसी से मुआवजे और वैकल्पिक उपायों की मांग की है।





