UCC Draft Committee : UCC के लिए प्रारूप समिति का गठन
UCC Draft Committee : छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रारूप समिति का गठन कर दिया है। रायपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि समिति विभिन्न वर्गों से सुझाव और सलाह प्राप्त कर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर UCC का प्रारूप तैयार किया जाएगा।

UCC Draft Committee : पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश की अध्यक्षता में बनी समिति
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि समिति की अध्यक्षता सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश को सौंपी गई है। समिति समाज के विभिन्न वर्गों, संगठनों और विशेषज्ञों से सुझाव लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे राज्य सरकार को सौंपा जाएगा।
UCC Draft Committee : UCC आज की आवश्यकता, संविधान में है प्रावधान
अरुण साव ने कहा कि समान नागरिक संहिता आज समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण के दौरान बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भी इसके लिए संवैधानिक प्रावधान किया था। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के तीन राज्यों में UCC लागू हो चुका है और अब छत्तीसगढ़ भी उसी दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
UCC Draft Committee : कांग्रेस के आरोपों पर दिया जवाब
कांग्रेस द्वारा UCC को सत्ता बचाने का प्रयास बताए जाने पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर भ्रम फैलाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज पर UCC का कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा और इसे लेकर फैलाई जा रही आशंकाएं निराधार हैं।
UCC Draft Committee : खाद-बीज की कमी के आरोपों को किया खारिज
खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है। उन्होंने दावा किया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं है और कांग्रेस केवल उन्हें भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को यह समझ आ चुका है कि जिन्होंने वर्षों तक किसानों के हितों की अनदेखी की, वही आज किसान हितैषी बनने का प्रयास कर रहे हैं।
UCC Draft Committee : अलका लांबा के बयान पर भी बोले अरुण साव
कांग्रेस नेता अलका लांबा द्वारा कांग्रेस में महात्मा गांधी के विचारों और डीएनए की बात कहे जाने पर अरुण साव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पहले यह देखा जाना चाहिए कि अलका लांबा पहले किस राजनीतिक दल में थीं और उन्होंने कांग्रेस के बारे में पहले क्या-क्या बयान दिए थे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने संविधान की भावना को नुकसान पहुंचाया और जनता का विश्वास तोड़ा, उन्हें पहले आत्ममंथन करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पहले स्वयं अनुशासन का पालन करना चाहिए, उसके बाद दूसरों को अनुशासन का पाठ पढ़ाना चाहिए।
UCC Draft Committee : प्रशिक्षण शिविर पर भी दिया जवाब
अरुण साव ने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दल को अपने कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का अधिकार है और सभी दलों को अपने संगठनात्मक कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।

