Thailand School Shooting : घर में दादा-दादी की हत्या के बाद स्कूल में की अंधाधुंध फायरिंग
Thailand School Shooting की भयावह घटना ने पूरे थाईलैंड को झकझोर दिया है। राजधानी बैंकॉक के पास स्थित डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल में शुक्रवार को 9वीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र ने पहले अपने घर में दादा-दादी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह स्कूल पहुंचा और वहां शिक्षकों व छात्रों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में तीन शिक्षकों और तीन छात्रों सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। वारदात के बाद छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, छात्र के दादा और दादी के शव बाद में उनके घर से बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया।

Thailand School Shooting : दादा की पिस्टल से चलाईं 20 से ज्यादा गोलियां
जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल की गई 9 एमएम पिस्टल छात्र के दादा की थी, जो पेशे से शिक्षक थे। पुलिस के अनुसार छात्र ने पहले अपनी कक्षा के भीतर फायरिंग की और फिर स्कूल परिसर के अन्य हिस्सों में भी गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि उसने 20 से अधिक राउंड फायर किए। घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। उसके पास से 30 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोलीबारी शुरू होते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। कई छात्र अपनी जान बचाने के लिए क्लासरूम में छिप गए। कुछ समय बाद पुलिस ने सुरक्षित तरीके से उन्हें बाहर निकाला और पूरे परिसर को खाली कराया।

Thailand School Shooting: तीन संभावित कारणों की जांच में जुटी पुलिस
थाईलैंड स्कूल में गोलीबारी के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन जांच एजेंसियां कई संभावित पहलुओं पर काम कर रही हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार छात्र पिछले कुछ समय से पढ़ाई और परीक्षा के दबाव में था। उसके करीबी साथियों ने भी पुलिस को बताया कि वह लगातार मानसिक तनाव की बात करता था। दूसरी संभावना उसके पारिवारिक माहौल से जुड़ी बताई जा रही है। छात्र अपने दादा-दादी के साथ रहता था और उसकी दादी भी शिक्षिका थीं। बताया जा रहा है कि पढ़ाई को लेकर घर में काफी अनुशासन और सख्ती थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसी दबाव के चलते उसने सबसे पहले अपने परिजनों को निशाना तो नहीं बनाया। इसके अलावा जांच में वीडियो गेम से जुड़े पहलू को भी शामिल किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक छात्र को वीडियो गेम खेलने का शौक था और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं किसी ऑनलाइन गेम या टास्क का इस घटना से कोई संबंध तो नहीं है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Thailand School Shooting: पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
थाईलैंड में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर गोलीबारी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। पिछले वर्षों में हुई कई घटनाओं के बाद सरकार ने हथियारों की निगरानी और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाने की बात कही थी। इसके बावजूद समय-समय पर ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं। ताजा घटना के बाद एक बार फिर स्कूलों की सुरक्षा, हथियारों तक पहुंच और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
Read more : Tata Nexon Camo Edition:नए अवतार में आई दमदार SUV, स्टाइल, फीचर्स और परफॉर्मेंस का मिलेगा शानदार कॉम्बिनेशन

