Mohit Jain
T20 WC 2026 आज से शुरु होने जा रहा है, भारत अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को यानि आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में यूएसए के खिलाफ खेलेगा। टीम इंडिया की तैयारियां लगभग पूरी हैं, हालांकि कुछ खिलाड़ी चोट के कारण पहले मैच में उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसे में टीम मैनेजमेंट की रणनीति और संभावित प्लेइंग इलेवन पर सबकी नजरें टिकी हैं।
T20 WC 2026: आक्रामक रुख के साथ उतरेगी टीम इंडिया
न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में भारत ने पांच में से चार मैच जीते थे। इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्मअप मैच भी टीम इंडिया ने अपने नाम किया। इससे साफ है कि भारतीय टीम आक्रामक अंदाज में मैदान पर उतरेगी, जिससे यूएसए के गेंदबाजों पर दबाव रहेगा।
दो खिलाड़ी पहले मैच से बाहर
टीम मैनेजमेंट के सूत्रों के मुताबिक, वॉशिंगटन सुंदर अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं, इसलिए वे पहला मैच नहीं खेलेंगे। वहीं तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी बाहर रह सकते हैं। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को शामिल किए जाने की चर्चा है, लेकिन उनका सीधे पहले मैच में खेलना अभी तय नहीं माना जा रहा।
सलामी जोड़ी लगभग तय
यूएसए के खिलाफ भारत की ओपनिंग जोड़ी अभिषेक शर्मा और ईशान किशन हो सकती है। दोनों ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्मअप मैच में शानदार बल्लेबाजी की थी। ऐसे में संजू सैमसन के बाहर बैठने की संभावना ज्यादा दिख रही है।
T20 WC 2026: मिडिल ऑर्डर और फिनिशर

तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर खेल सकते हैं, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। पांचवें नंबर पर हार्दिक पांड्या और उनके बाद शिवम दुबे व अक्षर पटेल का आना तय माना जा रहा है। फिनिशर की भूमिका में रिंकू सिंह नजर आएंगे।
गेंदबाजी यूनिट मजबूत
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती का खेलना लगभग तय है। इनके अलावा अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या भी कुछ ओवर डाल सकते हैं। जरूरत पड़ने पर शिवम दुबे से भी गेंदबाजी कराई जा सकती है।
यह खबर भी पढ़ें: IND vs ENG U19 Final 2026: वैभव के तूफान में उड़ा इंग्लैंड, भारत छठी बार बना U19 विश्व चैंपियन
T20 WC 2026: भारत की संभावित Playing XI (vs USA):
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।





