Smart Industrial Park : मुख्यमंत्री करेंगे स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन
Dr Shyama Prasad Mukherjee Smart Industrial Park : मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक और निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 जुलाई को भोपाल के सतगढ़ी क्षेत्र में विकसित होने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश और देश के करीब 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक तथा विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

Smart Industrial Park : 173 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक औद्योगिक पार्क
लगभग 173 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाला यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगा। परियोजना में आधुनिक सड़क नेटवर्क, अत्याधुनिक लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सुविधाएं, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और विश्वस्तरीय औद्योगिक अधोसंरचना विकसित की जाएगी।यह पार्क ‘वर्क-लिव-ग्रो’ मॉडल पर आधारित होगा, जहां उद्योगों के साथ कौशल विकास, नवाचार और बेहतर जीवनशैली से जुड़ी सुविधाओं का भी समन्वित विकास किया जाएगा। यहां उच्च मूल्य विनिर्माण, गारमेंट, टॉयज, आईटी, एआई, लॉजिस्टिक्स और उभरती तकनीकों से जुड़े उद्योग स्थापित किए जाने की योजना है।
Smart Industrial Park : 25 एकड़ में बनेगा विश्वस्तरीय कन्वेंशन और एग्जिबिशन सेंटर
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक 25 एकड़ में बनने वाला विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर है। लगभग 10 हजार लोगों की क्षमता वाला यह परिसर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशक सम्मेलन, व्यापारिक प्रदर्शनियां, औद्योगिक एक्सपो और वैश्विक व्यावसायिक आयोजनों की मेजबानी करेगा।इससे भोपाल को मध्य भारत के प्रमुख एमआईसीई (Meetings, Incentives, Conferences and Exhibitions) हब के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
Smart Industrial Park : 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे
स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क के विकसित होने से भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है। विशेष रूप से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं स्थानीय व्यापार, परिवहन और सेवा क्षेत्र को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।इसके अलावा कोलार क्षेत्र, जो अब तक मुख्य रूप से आवासीय क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, आने वाले समय में उद्योग और निवेश का नया केंद्र बनकर उभरेगा।
Smart Industrial Park : ग्रीन और स्मार्ट तकनीक से होगा संचालन
परियोजना को पर्यावरण अनुकूल और स्मार्ट औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां SCADA आधारित जल प्रबंधन प्रणाली, जल एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, ऑटोमेटेड एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था और अत्याधुनिक यूटिलिटी कॉरिडोर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।इससे संसाधनों के कुशल उपयोग के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
Smart Industrial Park : बेहतर कनेक्टिविटी से निवेशकों को मिलेगा लाभ
सतगढ़ी क्षेत्र की रणनीतिक स्थिति इस परियोजना को और अधिक महत्वपूर्ण बनाती है। यह क्षेत्र राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, कोलार रोड और प्रस्तावित वेस्टर्न बायपास से बेहतर तरीके से जुड़ा हुआ है। इससे उद्योगों की स्थापना, माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स गतिविधियां अधिक सुगम होंगी।
Smart Industrial Park : भोपाल बनेगा मध्य भारत का औद्योगिक हब
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क राजधानी भोपाल में औद्योगिक निवेश, आधुनिक विनिर्माण और रोजगार सृजन को नई गति देगा। यह परियोजना प्रदेश की औद्योगिक अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ मध्यप्रदेश को निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
read more : Monsoon Diet Tips : मानसून में क्या नहीं खाना चाहिए? बारिश के मौसम में इन 5 चीजों से रहें दूर, वरना बढ़ सकता है इंफेक्शन का खतरा

