Reporter : सत्यपाल नेगी
Rudraprayag Tiranga Rally : स्वतंत्रता दिवस से पहले रुद्रप्रयाग में भव्य रुद्रप्रयाग तिरंगा रैली निकाली गई। तिरंगे की छटा और देशभक्ति के गीतों के बीच सैकड़ों की संख्या में जनपदवासी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी रैली में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति के नारे लगाए।
तिरंगा रैली का शुभारंभ आर्मी कैंट रुद्रप्रयाग स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड से हुआ और यह गुलाबराय मैदान तक पहुंची। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने रैली को फ्लैग ऑफ किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Rudraprayag Tiranga Rally : रुद्रप्रयाग तिरंगा रैली में 50 मीटर लंबे तिरंगे ने खींचा ध्यान
रैली में छात्र-छात्राओं ने करीब 50 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज को अपने हाथों में थामकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के साथ अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता भी रैली में शामिल हुए।
रुद्रप्रयाग तिरंगा रैली के दौरान “भारत माता की जय” सहित देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। रैली के रास्ते में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन के माध्यम से आमजन को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया।
Rudraprayag Tiranga Rally : तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक: भरत सिंह चौधरी
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की।
Rudraprayag Tiranga Rally : राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम को मजबूत करना उद्देश्य: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि तिरंगा रैली का मुख्य उद्देश्य जन-जन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है।जिलाधिकारी ने रैली में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन का आभार व्यक्त किया।
Rudraprayag Tiranga Rally : युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करने का संदेश
जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान मजबूत होता है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाने की अपील की।
Rudraprayag Tiranga Rally : जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया हिस्सा
रुद्रप्रयाग तिरंगा रैली में जिला भाजपा अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, भूपेंद्र सिंह भंडारी, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
इसके अलावा जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने रैली में हिस्सा लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
Read only : Haridwar SIR Voter List : हरिद्वार SIR वोटर लिस्ट को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल

