PM Modi and Rahul Gandhi Meeting : नई दिल्ली में संसद परिसर में शनिवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी। नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बीच एक संक्षिप्त लेकिन सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई, जो मौजूदा राजनीतिक तनाव के बीच एक अलग ही संदेश देती नजर आई है। यह मुलाकात समाज सुधारक महात्मा ज्योतिराव फुले की 200वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां दोनों नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
PM Modi Rahul Gandhi Parliament Meeting : करीब 5 मिनट चली बातचीत
दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत करीब पांच मिनट तक चली। मुलाकात के दौरान माहौल काफी सहज और सम्मानजनक रहा जो आमतौर पर संसद सत्र के दौरान देखने को नहीं मिलता है।बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान राहुल गांधी से उनकी मां सोनिया गांधी के स्वास्थ्य के बारे में पूछा। इस पर राहुल गांधी ने बताया कि उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है, जिस पर प्रधानमंत्री ने संतोष जताते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।

PM Modi Rahul Gandhi Parliament Meeting : हाल ही में अस्पताल में भर्ती हुई थीं सोनिया गांधी
गौरतलब है कि सोनिया गांधी को हाल ही में तबीयत खराब होने के बाद नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें उल्टी और मतली की शिकायत के बाद 24 मार्च को अस्पताल में भर्ती किया गया था और करीब एक हफ्ते के इलाज के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई थी।यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब संसद का बजट सत्र काफी हंगामेदार रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के चलते लोकसभा की कार्यवाही कई बार बाधित हुई।पिछले कुछ समय में दोनों पक्षों के बीच तनाव चरम पर रहा है। हाल ही में राहुल गांधी के कुछ बयानों और गतिविधियों को लेकर भी विवाद हुआ था, जिसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार तक कह दिया था। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे सिख समुदाय का अपमान बताया था।
PM Modi Rahul Gandhi Parliament Meeting : लगातार चर्चा में रहे राहुल गांधी
बजट सत्र के दौरान राहुल गांधी अपने आक्रामक तेवर और बयानों को लेकर लगातार सुर्खियों में रहे हैं। उन्हें संसद के मकर द्वार की सीढ़ियों पर बैठकर चाय पीते और प्रदर्शन का नेतृत्व करते भी देखा गया, जिसे लेकर सत्ता पक्ष ने आलोचना की।
PM Modi Rahul Gandhi Parliament Meeting : पहले भी हो चुकी हैं तीखी नोकझोंक
संसद का माहौल पिछले कुछ महीनों से काफी गरम रहा है। फरवरी में भी लोकसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला था। वहीं, नियुक्तियों और विभिन्न नीतिगत मुद्दों को लेकर भी सरकार और विपक्ष के बीच टकराव जारी रहा है।
PM Modi Rahul Gandhi Parliament Meeting : क्या हैं इस मुलाकात के मायने?
ऐसे माहौल में प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता के बीच हुई यह संक्षिप्त लेकिन सौहार्दपूर्ण बातचीत कई मायनों में अहम मानी जा रही है। हालांकि यह मुलाकात छोटी थी, लेकिन इससे यह संकेत जरूर मिलता है कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद व्यक्तिगत स्तर पर संवाद की गुंजाइश बनी रहती है।

