Report: Nijam ali
pilibhit news: पीलीभीत जिले में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। शादी समारोह से लौटते समय एक ईको कार शारदा नदी में जा गिरी। घटना घने कोहरे के कारण धनाराघाट पांटून पुल पर चढ़ते वक्त हुई।
चार दोस्त थे कार में सवार
कार में अभिषेक, अर्जुन गुप्ता, आदित्य वर्मा और अनंत रघुवंशी सवार थे। चारों युवक खटीमा से सम्पूर्णानगर की ओर लौट रहे थे।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ बनी जीवनरक्षक
हादसे के तुरंत बाद साधु राघव दास और बबलू माझी ने साहस और समझदारी दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही हजारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। नदी किनारे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हाइड्रा मशीन से निकाली गई कार
बाद में हाइड्रा मशीन की सहायता से ईको कार को शारदा नदी से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
क्षेत्र में राहत का माहौल
सभी युवकों के सुरक्षित बचने के बाद इलाके में राहत की सांस ली गई और लोगों ने बचाव में जुटे स्थानीय नागरिकों की सराहना की।





