Reporter : कुलदीप सैनी
Panchkula Crane Accident : पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित प्लॉट नंबर 310 में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। इमारत की चौथी मंजिल पर क्रेन के जरिए जनरेटर चढ़ाया जा रहा था, इसी दौरान अचानक क्रेन असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के वक्त जनरेटर के ऊपर बैठे दो युवक नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। पंचकूला क्रेन हादसा के बाद स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों युवकों को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Panchkula Crane Accident : जनरेटर के ऊपर बैठे थे दोनों युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जनरेटर को क्रेन की मदद से चौथी मंजिल तक पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान दोनों युवक जनरेटर के ऊपर बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि वे जनरेटर को संतुलित करने के लिए उसके ऊपर बैठे थे। अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। क्रेन के साथ जनरेटर भी असंतुलित हो गया, जिससे उसके ऊपर बैठे दोनों युवक नीचे आ गिरे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
Panchkula Crane Accident : बिहार और हिमाचल के रहने वाले थे मृतक
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मनीष और नवीन के रूप में हुई है। मनीष बिहार का रहने वाला था, जबकि नवीन हिमाचल प्रदेश का निवासी बताया गया है। दोनों की उम्र करीब 23 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पंचकूला क्रेन हादसा के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
Panchkula Crane Accident : बिजली के पोल टूटे, टला बड़ा हादसा
क्रेन के पलटने के दौरान सड़क किनारे लगे बिजली के पोल भी इसकी चपेट में आ गए और टूट गए। बिजली के पोल टूटने से आसपास के क्षेत्र में भी खतरा पैदा हो गया था। हालांकि गनीमत रही कि हादसे के वक्त बिजली के तारों और पोल के आसपास कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया। अगर उस समय वहां से कोई व्यक्ति गुजर रहा होता तो हादसा और बड़ा हो सकता था।
Panchkula Crane Accident : पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतकों के शवों को अस्पताल में रखा गया है और पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पंचकूला क्रेन हादसा ने निर्माण और भारी उपकरणों से जुड़े कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के बाद हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Read only : Haridwar Cleanliness Drive : कांवड़ मेले के बाद हरिद्वार में सफाई अभियान तेज

