Isa Ahmad
REPORT- ANUJ SAINI
जनपद मुज़फ्फरनगर में शुक्रवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण दिन में भी रात जैसा अंधेरा छाया रहा। कोहरे के चलते जानसठ रोड पर एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में कई चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं एक स्कूल बस भी इस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की कतार में शामिल पाई गई। सौभाग्य से किसी भी बच्चे या व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई। सभी चालक मामूली चोटों के साथ वाहनों से सुरक्षित बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही थाना नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करा दिया और कुछ ही समय में हाईवे को सुचारू रूप से दोबारा चालू करा दिया।
जानसठ रोड पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कोहरे के मौसम में रफ्तार पर नियंत्रण और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि धुंध के दौरान वाहन चलाते समय हेडलाइट, इंडिकेटर और फॉग लाइट का उपयोग अवश्य करें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें।





