MP Dhan Mahotsav 2026 : किसान कल्याण वर्ष में उपहार, धान महोत्सव में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा
MP Dhan Mahotsav 2026 : मध्यप्रदेश के धान उत्पादक किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने सोयाबीन के बाद अब धान की फसल को भी भावांतर योजना के दायरे में लाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी में आयोजित राज्य स्तरीय धान महोत्सव के दौरान यह घोषणा करते हुए कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोयाबीन उत्पादक किसानों को भी भावांतर योजना के माध्यम से लाभ दिया अब राज्य सरकार धान उत्पादक किसानों को एमएसपी और बाजार मूल्य के अंतर का भुगतान करेगी।उन्होंने कहा कि हमारी सरकार खेत से लेकर बाजार तक हर क्षेत्र में मूल्य संवर्धन पर काम कर रही है।सरकार का कहना है कि किसानों को बाजार में कम कीमत मिलने की स्थिति में अंतर की राशि सरकार देगी, ताकि उन्हें उनकी मेहनत का पूरा दाम मिल सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में धान उत्पादक किसानों को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता का सम्मान, कृषि का उत्थान यही हमारी सरकार की पहचान है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोदो-कुटकी को ‘श्रीअन्न’ के रूप में वैश्विक पहचान दिलाकर उसका सम्मान बढ़ाया है।विगत वर्ष हमने 3 हजार हेक्टेयर कोदो-कुटकी की खरीदी की, जिसे अब और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। दरअसल कृषि कल्याण वर्ष-2026 के तहत मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देने की दिशा में ये एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

MP Dhan Mahotsav 2026 : किसानों के साथ रोपी धान की फसल
इस दौरान खास बात ये रही ही किसान के खेत में धान रोपकर धान महोत्सव का शुभारंभ किया। सीएम ने सिर पर गमछा बांधा और खेत पर धान की रोपाई करने लगे। उन्होंने महिलाओं के साथ खेत में धान की रोपाई की। सीएम का अंदाज देख वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और उनकी सादगी की तारीफ करने लगे। मुख्यमंत्री खेत में उतरे, धान बोया, हाथ में रोटी लेकर खाना खाया और किसानों से संवाद किया। लोग उनसे बातचीत करके उत्साहित नजर आए। इस दौरान एक महिला ने सीएम के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया। मिट्टी और पानी से भरे खेत में मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ धान रोपाई के पारंपरिक गीत “चंदन राजा को परहा गढ़ से, रानी सरुपा सकारी उठ से” गाकर पूरा वातावरण भक्तिमय और संगीतमय बना दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा धान रोपने से किसान और ग्रामीण खास तौर पर महिलाएं खासी उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे क्षेत्र में मुख्य रूप से सोयाबीन की खेती होती है। धान रोपने का यह मेरा पहला अनुभव है, इस अनुभव ने मुझे प्रसन्नता मिली है।
MP Dhan Mahotsav 2026 : धान किसानों को बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी में आयोजित धान महोत्सव के दौरान धान उत्पादक किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब मध्यप्रदेश सरकार धान किसानों को भी भावांतर योजना का लाभ देगी। इस योजना के तहत बाजार भाव और निर्धारित मूल्य के बीच के अंतर की भरपाई सरकार करेगी, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो। इससे पहले राज्य सरकार सोयाबीन किसानों को भी भावांतर योजना का लाभ दे चुकी है। वहीं श्रीअन्न उत्पादक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ बोनस भी दिया जा रहा है। प्रदेश में पहली बार शासकीय स्तर पर कोदो-कुटकी की खरीद के लिए अभियान शुरू किया गया है। सोयाबीन के बाद अब धान किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ खेत में धान की रोपाई की और किसानों से संवाद कर उनका उत्साह भी बढ़ाया।

