Jharkhand Bandh Dumka : रांची में छात्रों पर कार्रवाई के खिलाफ सड़कों पर उतरी भाजपा
रांची में छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को भाजपा के आह्वान पर झारखंड बंद का असर दुमका में भी देखने को मिला। दुमका में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल के नेतृत्व में शांतिपूर्ण तरीके से बंद कराया। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन भी मौजूद रहे।
बंद के दौरान दुमका के कई बाजारों में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद नजर आए। व्यापारियों, बस मालिकों और आम लोगों की ओर से भी बंद को समर्थन मिलने का दावा भाजपा नेताओं ने किया। कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से दुकानें बंद रखकर छात्रों के समर्थन में अपनी एकजुटता जाहिर की।

Jharkhand Bandh Dumka : JPSC-JSSC मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने अधिकार और भविष्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की बात सुनने के साथ उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
सुनील सोरेन ने JPSC और JSSC से जुड़ी कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार को छात्रों की मांगों और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की चिंता है तो वह CBI जांच से पीछे क्यों हट रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है।

Jharkhand Bandh Dumka : भाजपा बोली- युवाओं की आवाज दबाने से नहीं चलेगी सरकार
भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने दुमका बंद को शांतिपूर्ण बताते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों ने इसमें सहयोग किया। उन्होंने व्यापारियों का आभार जताते हुए कहा कि प्रतिष्ठान बंद रखकर उन्होंने छात्रों के साथ एकजुटता दिखाई है। प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य पिंटू अग्रवाल ने कहा कि युवा राज्य की ताकत हैं। दुमका की जनता ने बंद के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि युवाओं के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों और युवाओं के न्याय की लड़ाई को आगे भी मजबूती से उठाएगी।
दुमका बंद के दौरान प्रदेश परिषद सदस्य निवास मंडल, प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य पिंटू अग्रवाल, जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा, पवन केसरी, गायत्री जायसवाल, गुंजन मरांडी, धर्मेंद्र सिंह, मार्शल टुडू, अमरेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

