रिपोर्ट: अफजाल अहमद
Jalaun उरई कोतवाली क्षेत्र के झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर आज एक रोंगटे खड़े कर देने वाली दुर्घटना हुई। कानपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई और चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
हादसे के बाद आग का तांडव और हाईवे पर अफरा-तफरी
Jalaun घटना मौखरी होटल पुल के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही कार से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही सेकंड में धुएं का काला गुब्बार आसमान में छा गया, जिसे देख हाईवे पर गुजर रहे अन्य वाहनों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को इस भयावह मंजर की सूचना दी।
दमकलकर्मियों की मशक्कत, लेकिन नहीं बची जान
Jalaun सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुँचा। दमकलकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कार पूरी तरह जलकर लोहे का ढांचा बन चुकी थी और कार के अंदर फंसा चालक आग की चपेट में आने के कारण जिंदा जल गया। कार के मलबे से चालक का शव निकालना पुलिस के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
पुलिस की कार्रवाई और शिनाख्त की कोशिश
Jalaun पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है ताकि उसके परिजनों को सूचित किया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हादसा कार की तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह भीषण टक्कर हुई।





