International Youth Day Haryana : पंचकूला। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सामर्थ्य और प्रतिभा विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री बुधवार को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

International Youth Day Haryana : एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान का किया शुभारंभ
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस हरियाणा कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी 12 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इस दौरान देश के 15 सुरक्षित जिलों की सूची में शामिल हरियाणा के कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों को सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एचआईवी के खिलाफ लड़ाई केवल विरोध से नहीं, बल्कि सही जानकारी, जागरूकता, संवेदनशीलता और अपनापन के जरिए जीती जा सकती है। उन्होंने कहा कि एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोगों से दूरी बनाना अज्ञानता है। बीमारी से लड़ने की जरूरत है, बीमार व्यक्ति से नहीं।
International Youth Day Haryana : युवाओं से एचआईवी को लेकर जागरूकता फैलाने की अपील
मुख्यमंत्री ने समाज से अपील की कि एचआईवी से जुड़े भ्रम, कलंक और शर्म की दीवारों को मिलकर खत्म किया जाए। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 10 अन्य लोगों तक एचआईवी से बचाव और उपचार से संबंधित सही जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस हरियाणा के मौके पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को स्वस्थ रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि बड़ी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए स्वस्थ और सक्षम शरीर जरूरी है। अच्छे स्वास्थ्य, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए युवाओं को सबसे पहले अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा।
International Youth Day Haryana : नशे से दूर रहें युवा, हुनर पर दें ध्यान
नायब सिंह सैनी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि जिस हाथ में हुनर होना चाहिए, उसमें नशे की सुई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और अनुशासित चरित्र ही मजबूत भविष्य की नींव तैयार करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का युवा तेजी से बदलती दुनिया के साथ आगे बढ़ रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन, रोबोटिक्स, ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजिटल तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में तेजी से नए अवसर पैदा हो रहे हैं। हरियाणा के युवाओं को इन क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभानी होगी।
International Youth Day Haryana : 3 हजार करोड़ से ITI संस्थानों को किया जा रहा अपग्रेड
सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आईटीआई संस्थाओं को करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बनाया जा रहा है। उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच एमओयू के माध्यम से साझेदारी मजबूत की जा रही है, ताकि युवाओं को उद्योगों की वास्तविक जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण मिल सके।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास का मकसद सिर्फ प्रमाण-पत्र देना नहीं है, बल्कि प्रशिक्षित युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर तैयार करना है। सरकार की कोशिश है कि गांवों में रहने वाले युवा भी आधुनिक तकनीक और नए कौशल तक उसी तरह पहुंच बना सकें जैसे शहरों के युवा।
International Youth Day Haryana : युवा नौकरी लेने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें
मुख्यमंत्री ने युवाओं की सोच में बदलाव को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि रोजगार पैदा करने की दिशा में भी आगे बढ़ें। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में हरियाणा में बिना खर्ची-बिना पर्ची दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से काम कर रहे युवाओं के भविष्य को कानूनी सुरक्षा देने की दिशा में भी सरकार कदम उठा रही है।
International Youth Day Haryana : विदेश जाने वाले युवाओं के लिए भी सरकार की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश जाने के इच्छुक युवाओं को बिचौलियों की ठगी से बचाने के लिए सरकार ने कानून बनाया है। इसके अलावा हरियाणा विदेश सहयोग विभाग की स्थापना की गई है। विदेशों से मिलने वाले रोजगार के अवसरों के लिए युवाओं का प्रदेश में ही साक्षात्कार लिया जा रहा है और उन्हें सुरक्षित एवं वैध माध्यम से विदेश भेजने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इसके लिए युवाओं से कोई पैसा नहीं लिया जाता।
International Youth Day Haryana : MSME और स्टार्टअप से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
नायब सिंह सैनी ने बताया कि हरियाणा में 14 लाख से अधिक एमएसएमई काम कर रहे हैं। इस क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार ने हरियाणा प्रगतिशील एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन नीति-2026 लागू की है। इस नीति के तहत अगले पांच वर्षों में 55,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करने, पांच लाख से ज्यादा नए रोजगार पैदा करने और प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई स्टार्टअप नीति के तहत प्रदेश में 10,000 से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं। युवाओं के विचारों को कारोबार में बदलने के लिए सरकार इस सप्ताह आइडिया थॉन भी आयोजित कर रही है, जिसमें युवा अपने नए विचार साझा कर सकेंगे।
International Youth Day Haryana : 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप विकसित करने का फैसला
मुख्यमंत्री ने कहा कि आईएमटी खरखौदा की सफलता से प्रेरणा लेते हुए प्रदेश में 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप विकसित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि ये केवल जमीन और कारखानों से जुड़ी परियोजनाएं नहीं हैं, बल्कि युवाओं के भविष्य से जुड़ी योजनाएं हैं। इन औद्योगिक क्षेत्रों के विकसित होने से कुशल श्रमिकों, इंजीनियरों, तकनीशियनों और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे।
International Youth Day Haryana : खेलों में हरियाणा के युवाओं का शानदार प्रदर्शन
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस हरियाणा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में खेलों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास के साथ शरीर और चरित्र का निर्माण भी जरूरी है और खेल इसके लिए प्रभावी माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में ग्लासगो में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने 39 पदक जीते, जिनमें 13 स्वर्ण पदक शामिल हैं। इनमें से सात स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए। उन्होंने बताया कि हरियाणा की बेटियों ने इनमें पांच स्वर्ण पदक जीते।
International Youth Day Haryana : 2 हजार खेल नर्सरियों में 40 हजार से ज्यादा युवा प्रशिक्षण ले रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गांव के खेल मैदान से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का स्पष्ट रास्ता मिले। वर्ष 2036 तक भारत को वैश्विक खेल शक्ति बनाने के लक्ष्य में हरियाणा महत्वपूर्ण योगदान देगा। प्रदेश में करीब 2,000 खेल नर्सरियां संचालित की जा रही हैं, जहां 40,000 से अधिक युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के साथ-साथ शानदार प्रदर्शन पर नकद पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले साढ़े 11 वर्षों में 16,418 खिलाड़ियों को 683 करोड़ रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए हैं।
International Youth Day Haryana : ज्ञान, जिम्मेदारी और संवेदना के दीप जलाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को ऐसे युवाओं की जरूरत है जो स्वस्थ, हुनरमंद, अनुशासित और उद्यमी होने के साथ समाज के प्रति संवेदनशील भी हों। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं से अपने भीतर तीन दीप जलाने का आह्वान किया- ज्ञान का दीप, जिम्मेदारी का दीप और संवेदना का दीप। नायब सिंह सैनी ने उम्मीद जताई कि प्रदेश की युवा शक्ति आने वाले समय में विकसित हरियाणा और विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी।

