Hill Station Visit : दो दिन के प्रवास पर कुकरू रहेंगे प्रदेश के मुखिया
Hill Station Visit : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को दो दिवसीय प्रवास पर बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की, ग्रामीणों से संवाद किया और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

Hill Station Visit : स्व-सहायता समूह की महिलाओं के कार्यों की सराहना
मुख्यमंत्री ने कृष्णा आजीविका स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने समूह द्वारा तैयार किए गए मावा और रबड़ी का स्वाद लिया तथा महिलाओं से उनके कार्य, आय और सरकारी योजनाओं से मिले लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
Hill Station Visit : मावा निर्माण प्रक्रिया देखी, आत्मनिर्भरता की सराहना की
डॉ. मोहन यादव ने मावा तैयार करने की स्वचालित मशीन का निरीक्षण किया और महिलाओं से उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली। समूह की अध्यक्ष शोभा गायने ने बताया कि समूह को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता मिली है, जिससे आधुनिक मशीनें खरीदी गईं और रोजगार के नए अवसर बने हैं। उन्होंने बताया कि समूह की 11 सदस्य पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मावा, रबड़ी, श्रीखंड निर्माण और कृषि कार्य से जुड़ी हैं तथा उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है।
Hill Station Visit : सरकारी योजनाओं से बदली ग्रामीण महिलाओं की तस्वीर
महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि विभिन्न योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता के कारण उनका स्वरोजगार मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि समूह की सदस्य प्रतिमाह लगभग 15 से 18 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। मुख्यमंत्री ने इसे महिला सशक्तिकरण का सफल उदाहरण बताया।
Hill Station Visit : सिपना सनसेट पॉइंट की प्राकृतिक सुंदरता का लिया आनंद
कुकरू प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिपना सनसेट पॉइंट का भी भ्रमण किया। उन्होंने यहां सूर्यास्त के मनमोहक दृश्य और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया। पर्वतीय वातावरण, हरियाली और प्राकृतिक नजारों ने मुख्यमंत्री को विशेष रूप से आकर्षित किया।
Hill Station Visit : कुकरू को पर्यटन हब बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुकरू में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए तो कुकरू मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है।
Hill Station Visit : पर्यटन से स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुकरू का पर्यटन विकास केवल क्षेत्र की पहचान ही नहीं बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार करेगा। राज्य सरकार पर्यटन और ग्रामीण विकास को साथ लेकर आगे बढ़ने की दिशा में कार्य कर रही है।

