Happening Haryana 2.0 : हरियाणा सरकार ने रविवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में Happening Haryana 2.0 अंतरराष्ट्रीय आउटरीच और ग्लोबल कैपिटल कैंपेन की प्रभावशाली शुरुआत की। 23 से 25 अगस्त तक चलने वाले तीन दिवसीय इन्वेस्टर समिट के दौरान 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक के संभावित निवेश से जुड़े समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और मुंबई में रह रहे हरियाणवी समाज से संवाद किया।
Happening Haryana 2.0 : में प्रवासी हरियाणवियों से मुख्यमंत्री का संवाद
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुंबई में रहने वाले हरियाणवी परिवारों के साथ आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे। बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और अभिनेत्री मेघना मलिक ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा से बाहर रह रहे लोग केवल प्रवासी नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की विस्तारित शक्ति और सकारात्मक पहचान के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने प्रवासी हरियाणवियों से अपनी जन्मभूमि से जुड़े रहने और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा और मुंबई का संबंध केवल जन्मभूमि और कर्मभूमि का नहीं, बल्कि संस्कार और अवसर, मेहनत और विस्तार का रिश्ता है। हरियाणा ने अपने लोगों को मेहनत और अनुशासन की सीख दी, जबकि मुंबई ने उनकी प्रतिभा को बड़े अवसरों में बदलने का मंच उपलब्ध कराया।
Happening Haryana 2.0 : के जरिए निवेश और विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अब केवल कृषि प्रधान राज्य की पारंपरिक पहचान तक सीमित नहीं है। उद्योग, सेवा क्षेत्र, तकनीक, स्टार्टअप, लॉजिस्टिक्स, खेल, शिक्षा और नवाचार प्रदेश की नई विकास यात्रा के महत्वपूर्ण आधार बन रहे हैं।
सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र तक विकास का लाभ पहुंचाना है। गांवों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ किसानों को आधुनिक तकनीक, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और निर्यात से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा एमएसएमई को बड़ी आपूर्ति श्रृंखलाओं से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी हरियाणवियों से कहा कि उनके पास अनुभव, विशेषज्ञता, व्यावसायिक नेटवर्क और संसाधन हैं, जिनका लाभ हरियाणा के युवाओं, स्टार्टअप और संस्थाओं को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार उनसे केवल निवेश नहीं, बल्कि विचार और भागीदारी भी चाहती है।
Happening Haryana 2.0 : में नई तकनीक और वैश्विक क्षेत्रों पर फोकस
मुख्यमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिनटेक, मीडिया एवं मनोरंजन, डिजाइन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा, खेल प्रबंधन, कृषि तकनीक और वैश्विक सेवाओं जैसे क्षेत्रों में मुंबई के अनुभव को हरियाणा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि ऐसा मजबूत मंच तैयार किया जाना चाहिए, जिसके माध्यम से मुंबई में रहने वाला हरियाणवी युवा प्रदेश के किसी विद्यार्थी, स्टार्टअप या संस्था से जुड़कर अपने ज्ञान और अनुभव को साझा कर सके।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी हरियाणवी समाज से विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, स्टार्टअप मेंटरिंग, खिलाड़ियों को सहयोग, महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने और हरियाणा के उत्पादों को मुंबई के साथ-साथ वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में योगदान देने की अपील की।
Happening Haryana 2.0 : भाषा और संस्कृति से जुड़े रहने की अपील
नायब सिंह सैनी ने हरियाणवी समाज से अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश से बाहर रह रहे अपने नागरिकों के साथ लगातार जुड़ाव बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अपने लोगों से दूर नहीं है और सुख, संकट, अवसर तथा जिम्मेदारी के हर दौर में उनके साथ परिवार की तरह खड़ा है। Happening Haryana 2.0 के माध्यम से सरकार जहां निवेश और औद्योगिक साझेदारी को बढ़ावा दे रही है, वहीं प्रवासी हरियाणवियों को प्रदेश के विकास से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।


