चांदी भी ₹92,627 प्रति किलो हुई
BY: Vijay Nandan
दिल्ली: भारत में सोने और चांदी की कीमतों ने नया इतिहास रच दिया है। शुक्रवार को सोना अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत ₹2,913 की बढ़ोतरी के साथ ₹93,074 प्रति 10 ग्राम हो गई है। इससे पहले यह दर ₹90,161 थी।
वहीं, चांदी की कीमत में भी ₹1,958 प्रति किलो का उछाल आया है, जिससे यह ₹92,627 प्रति किलो तक पहुंच गई। बीते महीने, 28 मार्च को चांदी ने ₹1,00,934 का उच्चतम स्तर छुआ था, जबकि 3 अप्रैल को सोने की दर ₹91,205 तक पहुंची थी।
कीमतों में उछाल के तीन प्रमुख कारण
- अमेरिका की टैरिफ नीति और वैश्विक मंदी की आशंका
वैश्विक स्तर पर ट्रेड वॉर की संभावनाएं बढ़ गई हैं, जिससे आर्थिक विकास की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। ऐसे समय में निवेशक सोने को सुरक्षित माध्यम मानते हैं और इसमें निवेश बढ़ा रहे हैं। - रुपए में कमजोरी का असर
डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरावट से आयात महंगा हो गया है। चूंकि भारत सोने का बड़ा आयातक है, ऐसे में गिरता रुपया कीमतों को और ऊपर धकेल रहा है। इस साल अब तक रुपये में करीब 4% की गिरावट आई है। - शादी-विवाह का सीजन और मांग में इजाफा
देश में शादी-ब्याह का मौसम शुरू हो गया है, जिससे सोने की ज्वेलरी की मांग में बढ़ोतरी हुई है। प्रमुख शहरों जैसे मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और जयपुर में ज्वेलर्स का कहना है कि ऊंचे दामों के बावजूद खरीदारी में तेजी देखी जा रही है।

मुख्य शहरों में सोने की कीमतें
शहर | 22 कैरेट (10 ग्राम) | 24 कैरेट (10 ग्राम) |
---|---|---|
दिल्ली | ₹87,600 | ₹95,555 |
मुंबई | ₹87,450 | ₹95,400 |
कोलकाता | ₹87,450 | ₹95,400 |
चेन्नई | ₹87,450 | ₹95,400 |
2025 में अब तक 22% महंगा हुआ सोना
1 जनवरी 2025 को 24 कैरेट सोने की कीमत ₹76,162 प्रति 10 ग्राम थी, जो अब बढ़कर ₹93,074 हो गई है। यानी इस साल अब तक ₹16,912 (22%) की वृद्धि हो चुकी है।
इसी अवधि में चांदी की कीमत भी ₹86,017 से बढ़कर ₹92,627 हो गई है, यानी लगभग ₹6,610 (7%) की बढ़ोतरी।

सोना खरीदते समय इन बातों का जरूर ध्यान रखें
- सिर्फ BIS हॉलमार्क वाला सोना खरीदें
हॉलमार्किंग से सोने की शुद्धता का भरोसा मिलता है। हर पीस पर 6 अंकों का HUID (Hallmark Unique Identification Number) अंकित होता है जो उसकी प्रमाणिकता दर्शाता है। - कीमत और वजन की जांच अवश्य करें
खरीदारी से पहले विभिन्न सोर्स से सोने की कीमत की पुष्टि करें। 24 कैरेट सबसे शुद्ध माना जाता है, लेकिन यह नरम होता है, इसलिए आमतौर पर ज्वेलरी 22 या 18 कैरेट में बनती है। - कैश की जगह डिजिटल भुगतान करें और पक्का बिल लें
सोना खरीदते समय डिजिटल मोड से भुगतान करना सुरक्षित होता है। UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग का उपयोग करें और पक्का बिल लेना न भूलें। ऑनलाइन ऑर्डर करते समय पैकेजिंग और प्रमाणपत्र जरूर जांचें।
ये भी पढ़िए; रिमांड पर 26/11 का गुनहगार तहव्वुर राणा : पाकिस्तानी साजिश के उगलेगा राज ?