Gariaband River Rescue : मूसलाधार बारिश से उफान पर आई नदी, निर्माणाधीन पुल पर फंस गए थे मजदूर
Edit by : Ayushman Shrivastava
Gariaband River Rescue : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा राहत अभियान सफल रहा। छुरा क्षेत्र के बीजापाल गांव में बगनई नदी के उफान पर आने से निर्माणाधीन पुल पर काम कर रहे 14 मजदूर नदी के बीच फंस गए। पानी का स्तर तेजी से बढ़ने के कारण मजदूर सुरक्षित बाहर नहीं निकल सके और पूरी रात पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचानी पड़ी। मजदूरों में 10 पुरुष और 4 महिला श्रमिक शामिल थे। रातभर नदी का जलस्तर ऊंचा रहने के कारण तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। सुबह हालात सामान्य होते ही प्रशासन ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया।

Gariaband River Rescue : गरियाबंद और महासमुंद प्रशासन का संयुक्त अभियान, सभी मजदूर सुरक्षित निकाले गए
घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद और महासमुंद जिला प्रशासन ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी 14 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी मजदूर को गंभीर चोट नहीं आई। रेस्क्यू अभियान के दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी करते रहे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
READ MORE : Evergreen Business Ideas : भारत के 10 सदाबहार बिजनेस, जिनकी डिमांड कभी खत्म नहीं होगी

