BY
Yoganand Shrivastava
Delhi Malviya Nagar Hotel Fire Case दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड (Delhi Hotel Fire Case) मामले में पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे में 21 निर्दोष लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। अब इस पूरे मामले में होटल के मुख्य रसोइये (शेफ) ने पुलिस पूछताछ में आग लगने की मुख्य वजह को लेकर बेहद बड़ा खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को करीब छह घंटे की कड़े दौर की पूछताछ के बाद 65 वर्षीय मुख्य कुक ‘नेगी’ को लापरवाही बरतने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
Delhi Malviya Nagar Hotel Fire Case शेफ का दावा: इलेक्ट्रिक स्टोव चालू करते ही हुआ जोरदार धमाका
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रसोइये नेगी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि बुधवार सुबह जब वह रसोईघर (Kitchen) में खाना बना रहा था, तभी यह हादसा हुआ। उसने बताया कि सुबह उसने जैसे ही किचन का बड़ा इलेक्ट्रिक स्टोव चालू किया, उसके कुछ ही देर बाद उसमें तकनीकी खराबी के कारण अचानक आग लग गई। नेगी के मुताबिक, वह कुछ समझ पाता, उससे पहले ही स्टोव में एक जोरदार विस्फोट (Blasting) हुआ, जिसके बाद आग की लपटों ने तेजी से पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।
Delhi Malviya Nagar Hotel Fire Case डरकर भागा रसोइया; क्या उसी की वजह से फेल हुआ ‘इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम’?
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मुख्य कुक नेगी की भारी लापरवाही सामने आई है। आग लगने के बाद वह आग बुझाने या दूसरों को सचेत करने के बजाय डरकर मौके से भाग खड़ा हुआ।
पुलिस अब एक बेहद गंभीर और तकनीकी पहलू की जांच कर रही है कि क्या भागते समय कुक ने हड़बड़ाहट में पूरी बिल्डिंग की मेन पावर सप्लाई (लाइट) बंद कर दी थी? दरअसल, होटल में सुरक्षा के लिए ‘इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम’ (Electronic Lock System) लगा हुआ था। बिजली गुल होते ही यह सिस्टम पूरी तरह निष्क्रिय हो गया, जिसके कारण होटल के आपातकालीन और मुख्य निकास द्वार (Exit Gates) अपने आप लॉक हो गए। यही वजह रही कि अंदर फंसे 21 लोग चाहकर भी बाहर नहीं निकल सके और दम घुटने व जलने के कारण उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
Delhi Malviya Nagar Hotel Fire Case फॉरेंसिक और फायर रिपोर्ट से बयानों का होगा क्रॉस-वेरिफिकेशन
साक्ष्यों को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स लगातार होटल परिसर की जांच कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुक नेगी ने स्टोव फटने का जो बयान दिया है, उसे दिल्ली फायर सर्विस और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की अंतिम तकनीकी रिपोर्ट से मैच कराया जाएगा। इसके साथ ही, हादसे के वक्त किचन और उसके आसपास मौजूद होटल के अन्य कर्मचारियों व चश्मदीदों के बयान भी मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए जा रहे हैं।
Delhi Malviya Nagar Hotel Fire Case फरार होटल मैनेजर की तलाश तेज, कई कर्मचारी रडार पर
इस भीषण त्रासदी को लेकर दिल्ली पुलिस अब तक होटल के दर्जनभर से अधिक छोटे-बड़े कर्मचारियों से पूछताछ कर चुकी है। मुख्य रसोइये की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की कई टीमें होटल के फरार चल रहे प्रबंधक (मैनेजर) और मालिकों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि होटल में फायर एनओसी (Fire NOC) और आपातकालीन सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की संगीन धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





