by: vijay nandan yadav
Dada First Look : मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के 54वें जन्मदिन पर उनकी बायोपिक ‘दादा’ का पहला लुक जारी कर दिया गया। फिल्म में अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली की भूमिका निभा रहे हैं। फर्स्ट लुक में वह लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी लहराते हुए गांगुली के सबसे यादगार पल को दोबारा जीवंत करते नजर आ रहे हैं।
Dada First Look : राजकुमार राव ने शेयर किया फर्स्ट लुक
फिल्म का पहला पोस्टर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए राजकुमार राव ने लिखा, “हैप्पी बर्थडे, हमारे सबसे प्यारे दादा।” पोस्टर सामने आते ही क्रिकेट और फिल्म प्रेमियों के बीच इसे लेकर उत्साह बढ़ गया।

Dada First Look : सौरव गांगुली ने दिया खास जवाब
फर्स्ट लुक पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरव गांगुली ने भी पोस्ट साझा किया और राजकुमार राव को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “यह मेरे लिए सबसे शानदार जन्मदिन का तोहफा है। अब बेसब्री से इंतजार है कि आप मेरा कवर ड्राइव कैसे निभाते हैं।”
Dada First Look : विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं निर्देशन
फिल्म ‘दादा’ का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं, जबकि इसे लव रंजन और अंकुर गर्ग की प्रोडक्शन कंपनी Luv Films प्रोड्यूस कर रही है। फिल्म सौरव गांगुली के क्रिकेट करियर, संघर्ष और कप्तानी के सफर को बड़े पर्दे पर पेश करेगी।
Dada First Look : राजकुमार राव को सही पसंद मानते हैं गांगुली
पिछले वर्ष एक इंटरव्यू में सौरव गांगुली ने कहा था कि उनकी भूमिका निभाने के लिए राजकुमार राव बिल्कुल उपयुक्त कलाकार हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि फिल्म की तैयारी में वह हर संभव मदद करेंगे ताकि उनकी कहानी को सही तरीके से पर्दे पर दिखाया जा सके।
Dada First Look : क्यों खास है लॉर्ड्स का वह ऐतिहासिक पल?
साल 2002 के नेटवेस्ट सीरीज फाइनल में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 326 रन का मुश्किल लक्ष्य हासिल कर यादगार जीत दर्ज की थी। शुरुआती अच्छी शुरुआत के बाद भारतीय टीम लड़खड़ा गई थी, लेकिन युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ की शानदार साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया।
आखिरी ओवर में मिली रोमांचक जीत के बाद कप्तान सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी टीम इंडिया की जर्सी उतारकर हवा में लहराई थी। यह जश्न भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे प्रतिष्ठित और चर्चित पलों में गिना जाता है। अब यही दृश्य फिल्म ‘दादा’ के फर्स्ट लुक में राजकुमार राव ने दोबारा जीवंत किया है।

