BRICS Cultural Festival : कला, लोकनृत्य, सांस्कृतिक परंपराओं का शानदार संगम,विश्व शांति, सद्भाव, वैश्विक कल्याण का पक्षधर एमपी
BRICS Cultural Festival : राजा भोज की नगरी भोपाल में देश-दुनिया की कला, संस्कृति और परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। जहां BRICS सांस्कृतिक महोत्सव में विभिन्न देशों के कलाकारों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की रंगारंग प्रस्तुतियों से भोपाल को वैश्विक सांस्कृतिक मंच बना दिया। रवींद्र भवन में हुए आयोजन ने ‘विविधता में एकता’ और सांस्कृतिक संवाद का संदेश दिया। आयोजन में बेलारूस, ब्राजील, इंडोनेशिया, रूस, संयुक्त अरब अमीरात और भारत के कलाकारों ने अपनी-अपनी पारंपरिक एवं लोक कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन के आखिरी दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों एवं वैश्विक प्रतिनिधियों का सम्मेलन संपूर्ण राज्य के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी सांस्कृतिक धरोहर, समृद्ध प्राचीन परंपराओं और ऐतिहासिक गौरव को विश्व पटल पर अत्यंत प्रभावशीलता और गर्व के साथ प्रस्तुत कर रहा है।
BRICS Cultural Festival : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों और संस्कृति कार्य समूह की बैठकों के समापन अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की। जिसमें ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों के गहन मंथन और बहुपक्षीय चर्चाओं के बाद सर्वसम्मति से ‘भोपाल घोषणा पत्र’ को अपनाया गया, जो ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों, विरासत संरक्षण और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने भारतीय चिंतन के मूल मंत्रों वसुधैव कुटुंबकम’, ‘जीओ और जीने दो’ व ‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की यह प्राचीन अवधारणा विश्व शांति, सद्भाव और वैश्विक कल्याण की पक्षधर रही है। देश का ‘हृदय स्थल’ मध्यप्रदेश इस ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी और मेजबान बनकर गौरवान्वित हुआ है। मध्यप्रदेश की आध्यात्मिक चेतना, ऐतिहासिक स्थापत्य कला और जनजातीय विरासत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विदेशी मेहमानों को राज्य की समृद्ध कला-संस्कृति, विशिष्ट व्यंजनों और आत्मीय आतिथ्य का एक अलौकिक अनुभव प्राप्त हुआ है।
read more : Fitness Tips : आपका शरीर कितना फिट है? घर पर इन आसान टेस्ट से जांचें ताकत, बैलेंस और फ्लेक्सिबिलिटी

