Isa Ahmad
Bore Basi: बोरे बासी को बताया मजदूरों का ‘अमृत’ भोजन
Bore Basi: अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग स्थित राजीव भवन में पारंपरिक बोरे बासी का सेवन कर मजदूरों को शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, धीरज बाकलीवाल, राकेश ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस मौके पर बघेल ने कहा कि बोरे बासी छत्तीसगढ़ के किसान और मजदूर वर्ग का मुख्य भोजन रहा है, जिसे उनकी सरकार ने “बोरे बासी दिवस” के रूप में पहचान दिलाई। उन्होंने इसे गर्मी के मौसम में बेहद लाभकारी बताते हुए ‘अमृत’ की संज्ञा दी और इस परंपरा को आगे भी जारी रखने की बात कही।
Bore Basi: भाजपा सरकार पर साधा निशाना, चुनावी दावे भी किए
भूपेश बघेल ने इस दौरान राज्य की भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार” जैसे आयोजनों के जरिए सरकार केवल नाम बदलकर त्योहार मना रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हो रहा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिजली तिहार, चावल त्योहार जैसे कार्यक्रम केवल दिखावा हैं।
चुनावी माहौल पर बात करते हुए बघेल ने दावा किया कि कांग्रेस कई राज्यों में मजबूत स्थिति में है और केरल, तमिलनाडु, पांडिचेरी व असम में बेहतर प्रदर्शन करेगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ सरकार का संचालन दिल्ली या अहमदाबाद से हो रहा है, जिससे प्रदेश की जनता परेशान है।





