रिपोर्ट- राजेश साहू
Balod News बालोद जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो मामलों का खुलासा कर दिया है। ग्राम झलमला में हुई दो अलग-अलग चोरी की वारदातों में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है। इस कार्रवाई में थाना बालोद पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Balod News ग्राम झलमला में दिनदहाड़े चोरी से मचा था हड़कंप
जानकारी के अनुसार पहला मामला ग्राम झलमला के शांतिनगर घोटिया चौक निवासी राकेश कुमार ठाकुर के घर से जुड़ा है। अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख 91 हजार रुपये बताई गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

Balod News दीवार फांदकर नकदी चोरी, पुलिस पर बढ़ा दबाव
दूसरी घटना इसी क्षेत्र में रहने वाली नम्रता देवी के घर में हुई। चोरों ने मकान की दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और 4 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश था और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
Balod News 24 घंटे में खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। थाना बालोद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही लक्ष्मण सिंह ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर डौंडी लोहारा स्थित उसके किराये के मकान में दबिश दी गई, जहां से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, नकद रकम और चोरी में इस्तेमाल किए गए सामान बरामद किए गए।
8.52 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
सोने-चांदी के जेवरात
4 हजार रुपये नकद
चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 07 LW 3989)
एक लोहे की हथौड़ी
बरामद की है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत 8 लाख 52 हजार 450 रुपये आंकी गई है।

Balod News आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण सिंह ठाकुर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले कहीं और भी चोरी की वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया है।
Balod News पुलिस की सक्रियता से लोगों में बढ़ा भरोसा
बालोद पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि महज 24 घंटे में चोरी के मामलों का खुलासा होना पुलिस की सक्रियता और सजगता को दर्शाता है। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।





