रिपोर्ट- फरहान खान, एडिट- विजय नंदन
आगरा: जिले के बरौली अहीर गांव में सोमवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब एक पिता ने अपनी बेटी की विदाई हेलीकॉप्टर से कराकर पूरे गांव को हैरान कर दिया। बेटी की शादी में उड़न खटोला देखकर हर कोई दंग रह गया।
गांव के निवासी राजेंद्र सिंह यादव ने अपनी बेटी सीमा उर्फ डिंपल की शादी में हेलीकॉप्टर से विदाई कर अपने जीवन का सपना पूरा किया। जैसे ही आसमान में उड़न खटोला गांव के ऊपर उतरा, पूरा इलाका इसे देखने वालों से भर गया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी अपने घरों की छतों और गलियों में इस नज़ारे को देखने के लिए जमा हो गए।
विदाई के वक्त का माहौल किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। डीजे की धुनों, फूलों की सजावट और आसमान में उड़ते हेलीकॉप्टर ने इस शादी को गांव की सबसे यादगार घटना बना दिया। जैसे ही वर-वधू उड़न खटोले से रवाना हुए, पूरा गांव खुशी और तालियों से गूंज उठा।

ग्रामीणों ने कहा कि “पहली बार गांव में देखा उड़न खटोला, बेटी की विदाई इतनी शान से कभी नहीं हुई।”
इस मौके पर दुल्हन के पिता राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि “यह मेरे जीवन का सपना था कि मैं अपनी बेटी की विदाई किसी खास अंदाज़ में करूं। आज वह सपना पूरा हुआ। दुल्हन के चाचा सतेंद्र यादव ने कहा कि “यह दिन हम सबके लिए यादगार रहेगा। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल है।”





