कोरिया एसपी ने ASI पी टोप्पो को किया निलंबित
रिपोर्ट: चन्द्रकान्त पारगीर, एडिट- विजय नंदन
कोरिया: जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एसीबी की टीम ने पटना थाना में दबिश देकर एएसआई पी. टोप्पो और पुलिस मित्र (पीएलवी) राजू को 12 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पांडोपरा निवासी शिकायतकर्ता शाह खान ने एसीबी को शिकायत दी थी कि संबंधित पुलिसकर्मी उससे रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और फिलैंथीन पाउडर लगे नोट शाह खान को सौंपे गए। जैसे ही आरोपी ने रकम स्वीकार की टीम ने तत्काल कार्रवाई कर दोनों को पकड़ लिया।

इसके बाद तकनीकी टीम की मौजूदगी में पटना थाना परिसर में पाउडर लगे नोटों का परीक्षण किया गया। जब आरोपियों के हाथ पानी में डाले गए, तो पानी का रंग बदल गया, जिससे रिश्वत लेना प्रमाणित हो गया। एसीबी की टीम ने दोनों आरोपियों को बैकुंठपुर रेस्ट हाउस लाकर विधि अनुसार कार्यवाही की, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

प्रमोद कुमार खेश, डीएसपी, एसीबी अधिकारी ने कहा कि शिकायत की पुष्टि के बाद जाल बिछाया गया और दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
शाह खान, शिकायतकर्ता ने कहा कि एएसआई और पुलिस मित्र लगातार रिश्वत मांग रहे थे, इसलिए मैंने एसीबी से शिकायत की। टीम ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों को पकड़ लिया।





