रिपोर्टर: देवेंद्र जायसवाल, EDIT BY : MOHIT JAIN
इंदौर में मां कनकेश्वरी नवरात्रि उत्सव इस बार खास रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यहां नागरिकों के साथ भारत की एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया। उत्सव में मौजूद लोगों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर अपनी खुशी साझा की और पूरे माहौल को रोशनी और उल्लास से भर दिया।
‘स्वदेशी’ को बढ़ावा देने की अपील
मुख्यमंत्री ने मौके पर नागरिकों से अपील की कि त्योहारों पर खरीदी करते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी’ के संदेश को आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादकों और छोटे-बड़े दुकानदारों से सामान खरीदकर हम न केवल अपनी परंपराओं को सशक्त करेंगे बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती भी देंगे।
प्रमुख नेता और साध्वी मां कनकेश्वरी की मौजूदगी
इस गरबा उत्सव में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक गोलू शुक्ला, विधायक रमेश मेंदोला और साध्वी मां कनकेश्वरी समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस मौके को और भी खास बना दिया।
विजयदशमी की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नागरिकों को आने वाले विजयदशमी पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और कहा कि त्यौहारों के साथ-साथ हमें एकजुट होकर देश के सपनों को पूरा करने के लिए संकल्प लेना चाहिए।





