Sleemanabad Tunnel Rewa : बलराम कृषि महोत्सव में किसानों से जुड़े मुख्यमंत्री
Sleemanabad Tunnel Rewa : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती-किसानी, विशेषकर उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में रीवा लगातार आगे बढ़ रहा है। किसानों की मेहनत और लगन से जिले में धान, गेहूं, चना, मसूर, अलसी और सोयाबीन का अच्छा उत्पादन हो रहा है। इससे रीवा की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री सोमवार को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा जिले में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में शामिल किसानों को संबोधित कर रहे थे।
Sleemanabad Tunnel Rewa : स्लीमनाबाद टनल से रीवा पहुंचेगा नर्मदा जल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों को बताया कि स्लीमनाबाद टनल का काम तेजी से पूरा होने की ओर है। टनल का काम पूरा होने के बाद रीवा जिले के खेतों तक नर्मदा नदी का जल पहुंच सकेगा। इससे क्षेत्र में सिंचाई के साथ पेयजल की सुविधा को भी बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने बताया कि त्योंथर, लोंही, सिरमौर और सेमरिया की सिंचाई परियोजनाएं पूरी होने के बाद रीवा जिले में करीब 1 लाख 32 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे खेती के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।
Sleemanabad Tunnel Rewa : 50 लाख पट्टों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के पास भूमि के पट्टे हैं, लेकिन उनकी रजिस्ट्री नहीं हुई है, ऐसे सभी पट्टाधारकों की रजिस्ट्री राज्य सरकार कराकर नि:शुल्क उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि करीब 50 लाख पट्टों की रजिस्ट्री का शुल्क सरकार स्वयं वहन करेगी। इसके लिए लगभग 4 हजार करोड़ रुपए का खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
Sleemanabad Tunnel Rewa : प्रगतिशील किसानों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद
बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा जिले के जनप्रतिनिधियों और चार प्रगतिशील किसानों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर अपनाई जा रही नई और नवाचारी कृषि पद्धतियों के बारे में जानकारी ली।किसानों ने बताया कि आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से तकनीकी खेती करने और जैविक खाद के माध्यम से प्राकृतिक खेती अपनाने से उन्हें बेहतर लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने जिलेभर से आए किसानों से प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी, श्रीअन्न, पशुपालन और फसल विविधीकरण को अपनाने का आह्वान किया।
Sleemanabad Tunnel Rewa : रीवा में एक हजार हेक्टेयर में नेचुरल फार्मिंग क्लस्टर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए रीवा जिले में एक हजार हेक्टेयर क्षेत्र को नेचुरल फार्मिंग क्लस्टर के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बसामन मामा गो-अभयारण्य को गौ-संवर्धन और ग्रामीण स्वावलंबन का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।मुख्यमंत्री के अनुसार, गोशाला में संचालित प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से किसानों को जीवामृत, घन जीवामृत और प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। इससे किसानों को प्राकृतिक खेती की पद्धतियों को समझने और उन्हें अपनाने में मदद मिल रही है।
Sleemanabad Tunnel Rewa : अमरूद, आंवला और कटहल के उत्पादन में भी आगे रीवा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीवा के किसान अब पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती में भी नए प्रयोग कर रहे हैं। जिले में अमरूद, आंवला और कटहल का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है, जो रीवा की कृषि विविधता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि रीवा श्रीअन्न उत्पादन के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। खेती में विविधता लाने के लिए राज्य मिलेट मिशन के तहत कोदो-कुटकी जैसे मोटे अनाज की फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीअन्न की खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ परिवारों की पोषण सुरक्षा को भी मजबूत करने में सहायक है।
Sleemanabad Tunnel Rewa : मुख्यमंत्री ने किसानों को दी त्योहारों की शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा जिले के किसानों और नागरिकों को तेजा दशमी, डोल ग्यारस और गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी और फसल विविधीकरण को अपनाकर कृषि को और अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया।
read more : SultanGanj Six Children Drowning : करमा-धरमा पर्व की खुशियां मातम में बदलीं, पोखर में डूबने से 6 बच्चों की मौत, सुल्तानगंज में मचा कोहराम


