Sagar: सागर जिले के मालथौन में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मालथौन टोल टैक्स के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के किनारे शासकीय जमीन पर अवैध रूप से संचालित 50 से अधिक ढाबों, होटलों, दुकानों और टपरों को हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
Sagar: एनएच-44 के किनारे 50 से अधिक अवैध ढाबे और दुकानें हटाईं
मालथौन अनुविभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर टोल टैक्स के आसपास लंबे समय से शासकीय भूमि पर कई ढाबे, होटल, दुकानें और टपरे संचालित किए जा रहे थे। प्रशासन के अनुसार इन स्थानों पर अवैध रूप से कब्जा कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान जेसीबी और बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया गया।

अनुविभागीय अधिकारी सतीश वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। प्रशासन को इन स्थानों से अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं। इसके बाद संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। कार्रवाई से पहले गुरुवार सुबह मुनादी भी कराई गई, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मालथौन टोल टैक्स के आसपास शुरू हुई यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अब तक कई अवैध ढाबों और दुकानों को हटाया जा चुका है तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
Sagar: बंडा शराब प्रकरण के आरोपी का अवैध ढाबा भी जमींदोज
प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान बंडा शराब प्रकरण से जुड़े आरोपी मनीष लोधी द्वारा संचालित बताए जा रहे अवैध ढाबे पर भी कार्रवाई की गई। बंडा तहसीलदार मोहित जैन के अनुसार संबंधित ढाबा शासकीय भूमि पर अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था, जिसे प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी जारी रहेगा। मालथौन में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित ढाबों, दुकानों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रशासन की सख्ती का संदेश गया है।


