NEET PG 2026: राजस्थान की राजधानी जयपुर में NEET PG 2026 परीक्षा के दौरान सामने आई अव्यवस्था के बाद एक परीक्षा केंद्र की पूरी परीक्षा रद्द कर दी गई है। सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन (iDZ) केंद्र पर परीक्षा के दौरान बिजली की समस्या के कारण अभ्यर्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब इस केंद्र पर परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए नई तारीख तय की गई है।
NEET PG 2026: बिजली गुल होने से परीक्षा में आई बाधा
अभ्यर्थियों के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने के दौरान ही बिजली चली गई, जिसके कारण कंप्यूटर सिस्टम में बार-बार व्यवधान आया। परीक्षा का निर्धारित समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक था, लेकिन छात्रों का दावा है कि परीक्षा करीब एक घंटे की देरी से शुरू हो पाई।कई अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर कई बार बंद हुए। सिस्टम दोबारा शुरू होने के बाद भी कुछ कंप्यूटरों पर सवालों की संख्या को लेकर अलग-अलग स्थिति देखने को मिली। इससे परीक्षा देने पहुंचे डॉक्टरों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने केंद्र की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
NEET PG 2026: अभ्यर्थियों ने पेपर की गोपनीयता पर उठाए सवाल
परीक्षा में बार-बार तकनीकी समस्या आने के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता को लेकर भी चिंता जताई। छात्रों ने दावा किया कि अलग-अलग कंप्यूटरों पर अलग समय में प्रश्न दिखाई देने और सिस्टम बंद होने की घटनाओं के कारण उन्हें परीक्षा प्रक्रिया पर संदेह हुआ।हंगामे और तकनीकी अव्यवस्था के बीच संबंधित केंद्र की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। अब इस केंद्र के प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।
NEET PG 2026: AIAPGET परीक्षा में भी सामने आई थी ऐसी समस्या
जयपुर में इससे पहले ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट यानी AIAPGET 2026 के दौरान भी बिजली कटने की समस्या सामने आई थी। तकनीकी व्यवधान के चलते संबंधित केंद्र पर परीक्षा को स्थगित करना पड़ा था। अब उस परीक्षा के लिए भी 1 सितंबर की तारीख निर्धारित की गई है।NEET PG जैसी महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा में तकनीकी व्यवस्था को लेकर सामने आई इस घटना ने अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है। प्रभावित उम्मीदवारों के लिए नई परीक्षा तिथि के अनुसार तैयारी करने का अतिरिक्त समय मिलेगा, जबकि परीक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों पर भी नजर बनी हुई है।


